
pardarshi vikas news kushinagar
कसया तहसील के ग्राम बकनहा ने सोमवार को गर्व का ऐतिहासिक पल देखा, जब गांव के होनहार युवक अरुण कुमार गुप्ता ने उत्तर प्रदेश लोक सेवा आयोग की प्रतिष्ठित परीक्षा उत्तीर्ण कर समीक्षा अधिकारी (RO) पद पर सफलता हासिल की। उनकी नियुक्ति अब लखनऊ सचिवालय में होगी। इस उपलब्धि ने पूरे क्षेत्र में खुशी और उत्साह का माहौल पैदा कर दिया है।अरुण की इस सफलता के पीछे वर्षों की कड़ी मेहनत, अनुशासन और लक्ष्य के प्रति अटूट समर्पण रहा। उन्होंने मदन मोहन मालवीय प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय, गोरखपुर से एम.टेक की डिग्री हासिल की और दिल्ली में रहकर प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी की। वर्तमान में वे गोरखपुर के मालवीय नगर स्थित ‘वैदिक IAS’ में विद्यार्थियों को मार्गदर्शन भी दे रहे थे।परिवार की पृष्ठभूमि भी प्रेरणादायक रही है। उनके पिता ओम प्रकाश गुप्ता गन्ना विभाग में सहायक निदेशक पद से सेवानिवृत्त होकर गांव में शिक्षा और वैज्ञानिक खेती के प्रति लोगों को जागरूक कर रहे हैं, जबकि माता कमला गुप्ता सामाजिक और धार्मिक कार्यों में सक्रिय भूमिका निभाती हैं। उनके प्रयासों से गांव में शिव मंदिर का निर्माण भी हुआ है। छोटे भाई आलोक कुमार गुप्ता भारत सरकार में ए.आर.एस. के तहत वरिष्ठ वैज्ञानिक के पद पर कार्यरत हैं।अरुण ने अपनी सफलता का श्रेय अपने माता-पिता, स्वर्गीय दादा बादमली गुप्ता और मित्रों को देते हुए कहा कि “कठिन परिश्रम, धैर्य और लक्ष्य के प्रति समर्पण ही सफलता की असली कुंजी है।”इस उपलब्धि पर क्षेत्र के जनप्रतिनिधियों और गणमान्य व्यक्तियों ने उन्हें बधाई दी। कसया विधायक पी.एन. पाठक, सांसद विजय दूबे, डॉ. श्रीनिवास सिंह (पूर्व कुलपति) एवं प्रो. गोविन्द पाण्डेय (निदेशक) समेत कई प्रमुख हस्तियों ने उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।गांव में खुशी के इस खास मौके पर बकनहा स्थित शिव मंदिर पर मिठाइयों का वितरण किया गया। सैकड़ों ग्रामीणों ने एकजुट होकर इस सफलता का जश्न मनाया और अरुण गुप्ता को बधाइयों से सराबोर कर दिया। यह उपलब्धि न सिर्फ उनके परिवार, बल्कि पूरे गांव और जिले के लिए प्रेरणा का स्रोत बन गई है।