
पारदर्शी विकास न्यूज़ सुलतानपुर। राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के 100 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में शताब्दी वर्ष के कार्यक्रमों की श्रृंखला में पंडित राम नरेश त्रिपाठी सभागार में प्रमुख जन गोष्ठी आयोजित हुई। मुख्य वक्ता डॉ. कृष्ण गोपाल ने कहा कि संघ ने अपने 100 वर्षों के सफर में जन-जन में राष्ट्रीयता की भावना जगाने के साथ वंचित और अभावग्रस्त लोगों की सेवा का कार्य किया है।उन्होंने कहा कि भेदभाव रहित समाज की स्थापना संघ की प्राथमिकता है। वर्ष 1925 में डॉ. हेडगेवार ने नागपुर में शाखा की शुरुआत की, जिसके माध्यम से बिना किसी जाति या भेदभाव के लोगों को जोड़ने का प्रयास किया गया। शाखाओं में महापुरुषों के जीवन और राष्ट्रहित से जुड़े विषयों पर चर्चा के माध्यम से स्वयंसेवकों में सेवा और समर्पण की भावना विकसित हुई।डॉ. कृष्ण गोपाल ने कहा कि भारत के जीवन दर्शन में विश्व की अनेक समस्याओं के समाधान की क्षमता है। संघ से जुड़े स्वयंसेवक शिक्षा, सेवा और सामाजिक क्षेत्रों में कार्य कर रहे हैं। उन्होंने परिवार के महत्व और सामाजिक एकता के लिए कुटुंब प्रबोधन की आवश्यकता पर भी जोर दिया।कार्यक्रम में विभाग, जिला एवं नगर कार्यकारिणी के पदाधिकारियों सहित बड़ी संख्या में स्वयंसेवक, माताएं और बहनें मौजूद रहीं। संचालन डॉ. डीके त्रिपाठी ने किया।