
गर्मियों के मौसम में ट्रेनों में बढ़ती भीड़ और यात्रियों की परेशानी को देखते हुए रेलवे प्रशासन ने कई स्पेशल ट्रेनों के संचालन की अवधि बढ़ाने के साथ नई विशेष गाड़ियों के संचालन का निर्णय लिया है। इससे झांसी मंडल सहित उत्तर भारत के यात्रियों को बड़ी राहत मिलेगी।
रेलवे के अनुसार 01079/01080 छत्रपति शिवाजी टर्मिनस–गोरखपुर दैनिक स्पेशल ट्रेन अब 15 मई से 15 जुलाई तक संचालित की जाएगी। यह ट्रेन दादर, नासिक, भुसावल, इटारसी, भोपाल, बीना, वीरांगना लक्ष्मीबाई झांसी, कानपुर और लखनऊ जैसे प्रमुख स्टेशनों पर ठहरेगी। दोनों दिशाओं में कुल 62-62 फेरे लगाए जाएंगे, जिससे यात्रियों को अतिरिक्त सीटों का लाभ मिलेगा।
इसी क्रम में 01415/01416 पुणे–गोरखपुर–हडपसर दैनिक स्पेशल ट्रेन का संचालन भी 15 मई से 16 जुलाई तक जारी रहेगा। यह ट्रेन मनमाड, भुसावल, इटारसी, बीना, झांसी, कानपुर, लखनऊ, गोंडा और बस्ती होकर चलेगी। इसके भी 62 फेरे निर्धारित किए गए हैं।
रेलवे प्रशासन ने यात्रियों की सुविधा के लिए दो वन-वे स्पेशल ट्रेनों की घोषणा भी की है। 01102 हावड़ा–छत्रपति शिवाजी टर्मिनस स्पेशल ट्रेन 25 अप्रैल को चलाई जाएगी, जबकि 01452 हावड़ा–हडपसर स्पेशल ट्रेन 26 अप्रैल को संचालित होगी। ये ट्रेनें गया, प्रयागराज, जबलपुर और इटारसी जैसे प्रमुख स्टेशनों से होकर गुजरेंगी।
इसके अलावा सामान्य श्रेणी के यात्रियों के लिए उधना–जयनगर और उधना–दानापुर रूट पर अनारक्षित स्पेशल ट्रेनों का संचालन 26 व 27 अप्रैल को किया जाएगा। इन ट्रेनों का ठहराव झांसी, प्रयागराज और पंडित दीन दयाल उपाध्याय जंक्शन सहित कई महत्वपूर्ण स्टेशनों पर रहेगा।
मंडल जनसंपर्क अधिकारी मनोज कुमार सिंह ने बताया कि विशेष ट्रेनों के संचालन से गर्मियों में यात्रियों को कंफर्म सीट मिलने में सुविधा होगी तथा ट्रेनों में भीड़ का दबाव कम किया जा सकेगा।