
PARDARSHI VIKASH NEWS ऊसराहार/ताखा ब्लॉक के नगला बंधा गांव में भीषण गर्मी के चलते एक विद्युत ट्रांसफार्मर में अचानक आग लग गई। ग्रामीणों की सूझबूझ और तत्परता से आग पर समय रहते काबू पा लिया गया, जिससे बड़ा हादसा टल गया, लेकिन इस घटना से पूरे गांव की बिजली आपूर्ति बाधित हो गई है।ग्रामीणों के अनुसार, ट्रांसफार्मर से पहले हल्का धुआं निकलता देखा गया, जिसके बाद कुछ ही देर में आग भड़क उठी और ट्रांसफार्मर धू-धू कर जलने लगा। घटना से गांव में अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों ने तुरंत मौके पर पहुंचकर काफी प्रयासों के बाद आग पर नियंत्रण पाया।घटना की सूचना विद्युत विभाग को दी गई। एसडीओ कौशलेंद्र सिंह ने बताया कि ट्रांसफार्मर पूरी तरह जल चुका है और नया ट्रांसफार्मर लगाने के लिए मांग पत्र भेज दिया गया है। उन्होंने कहा कि प्रक्रिया पूरी होते ही जल्द आपूर्ति बहाल करने का प्रयास किया जाएगा।ट्रांसफार्मर खराब होने से गांव में बिजली पूरी तरह ठप है, जिससे भीषण गर्मी में ग्रामीणों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। स्थानीय लोगों ने जल्द से जल्द नया ट्रांसफार्मर लगाकर बिजली बहाल करने की मांग की है।