
PARDARSHI VIKASH NEWS कानपुर में लगातार बढ़ रही भीषण गर्मी और लू के बीच सामाजिक संगठनों द्वारा लोगों की राहत के लिए सेवा कार्य किए जा रहे हैं। इसी क्रम में मंगलवार को श्री बालाजी सेवा समिति और आलोक शिशु ज्ञानस्थली के संयुक्त तत्वावधान में बर्रा-8 एफ ब्लॉक स्थित फौजी आटा चक्की चौराहे पर राहगीरों को शरबत वितरित किया गया।दोपहर की तेज धूप और गर्म हवाओं के बीच राहगीरों, रिक्शा चालकों, मजदूरों और राह से गुजर रहे लोगों को ठंडा शरबत पिलाकर गर्मी से राहत पहुंचाने का प्रयास किया गया। सेवा शिविर में बड़ी संख्या में लोगों ने शरबत ग्रहण किया और आयोजन की सराहना की।समिति के पदाधिकारियों ने कहा कि भीषण गर्मी में जरूरतमंदों की सहायता करना सबसे बड़ा मानव धर्म है। उन्होंने बताया कि आने वाले दिनों में भी इसी तरह सेवा कार्य जारी रखे जाएंगे, ताकि राहगीरों को गर्मी से कुछ राहत मिल सके।कार्यक्रम के दौरान समिति अध्यक्ष सुशील चंद्र श्रीवास्तव ने कहा कि लगातार बढ़ते तापमान को देखते हुए लोगों को सावधानी बरतनी चाहिए और जरूरत पड़ने पर ही घरों से बाहर निकलना चाहिए। उन्होंने लोगों से अधिक पानी पीने और धूप से बचाव करने की अपील भी की।इस अवसर पर उमाशंकर, अंकुर दीक्षित, आर्यन श्रीवास्तव, योगेंद्र सचान, संस्कार शुक्ला, सुमित पटेल, आकाश, रवि, अविनाश और अंकित समेत कई कार्यकर्ता मौजूद रहे। सभी ने मिलकर राहगीरों को शरबत वितरित किया और सेवा कार्य में सहयोग किया।स्थानीय लोगों ने सामाजिक संगठनों की इस पहल को सराहनीय बताते हुए कहा कि इस तरह के आयोजन गर्मी के मौसम में लोगों को काफी राहत पहुंचाते हैं।