
PARDARSHI VIKASH NEWS उन्नाव। सफीपुर नगर पंचायत क्षेत्र में भीषण गर्मी के बीच सार्वजनिक पेयजल व्यवस्था को नुकसान पहुंचाने का मामला सामने आया है। आरोप है कि कुछ लोगों ने नगर पंचायत द्वारा लगाए गए हैंडपंप और वाटर कूलर को क्षतिग्रस्त कर दिया, जिससे लोगों को पेयजल संकट का सामना करना पड़ सकता है।मामला सफीपुर नगर पंचायत के मोहल्ला जुगियाना का है। नगर पंचायत के अधिशासी अधिकारी ने इस संबंध में कोतवाली सफीपुर में शिकायत दर्ज कराई है। शिकायत में आरोप लगाया गया है कि कुछ अराजक तत्वों ने इंडिया मार्का हैंडपंप के बोर में ईंटें डालकर उसे खराब कर दिया।इसके अलावा सार्वजनिक स्थान पर लगे वाटर कूलर की जाली और अन्य हिस्सों को भी तोड़कर नुकसान पहुंचाया गया। घटना की जानकारी मिलने के बाद नगर पंचायत कर्मचारियों ने मौके पर पहुंचकर निरीक्षण किया और स्थिति का जायजा लिया।अधिकारियों ने मामले की जांच के लिए स्थानीय लोगों से जानकारी जुटाई है। वहीं सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो और अन्य साक्ष्यों को भी जांच में शामिल किया जा रहा है।नगर पंचायत की ओर से दी गई शिकायत में 9 लोगों को नामजद किया गया है, जबकि कुछ अज्ञात लोगों का भी उल्लेख किया गया है। पुलिस ने शिकायत के आधार पर जांच शुरू कर दी है और आरोपों की पुष्टि के लिए साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं। दोषी पाए जाने वालों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।