
PARDARSHI VIKASH NEWS प्रदेश में पड़ रही भीषण गर्मी और मौसम विभाग द्वारा जारी हीट वेव (लू) की चेतावनी को देखते हुए जनगणना कार्य को जुलाई माह तक स्थगित करने की मांग उठी है। इसी क्रम में यूनाइटेड टीचर्स एसोसिएशन (यूटा) उत्तर प्रदेश के प्रतिनिधियों ने मुख्यमंत्री को संबोधित ज्ञापन एडीएम नीरज प्रसाद को सौंपा।ज्ञापन में कहा गया कि प्रदेश के कई जिलों में तापमान 45 डिग्री सेल्सियस से ऊपर पहुंच रहा है। मौसम विभाग और शासन की ओर से लोगों को दिन के समय अनावश्यक रूप से घर से बाहर न निकलने की सलाह दी जा रही है। ऐसे में जनगणना कार्य में लगे कर्मचारियों को फील्ड में भेजना उनकी सुरक्षा के लिए जोखिम भरा साबित हो सकता है।प्रतिनिधियों ने बताया कि भीषण गर्मी के कारण आम लोग भी दिन में घरों से बाहर निकलने से बच रहे हैं। इससे प्रगणकों को सही और पूर्ण जानकारी जुटाने में दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है, जिससे जनगणना कार्य की गुणवत्ता प्रभावित होने की आशंका है।यूटा पदाधिकारियों ने मांग की कि मई और जून माह में जनगणना कार्य स्थगित रखा जाए तथा जुलाई के प्रथम सप्ताह से दोबारा शुरू कराया जाए। उन्होंने इसे जनहित और कर्मचारियों की सुरक्षा से जुड़ा गंभीर विषय बताते हुए शासन से जल्द निर्णय लेने की अपील की।इस दौरान यूटा महामंत्री विनय वर्मा, शशिकांत गौतम, अवनीश राजपूत सहित अन्य पदाधिकारी मौजूद रहे।