
कानपुर। भारतीय मजदूर संघ के स्थापना दिवस के अवसर पर कानपुर जिला एवं नगर इकाइयों के संयुक्त तत्वावधान में केशव नगर स्थित कविताई भवन में भव्य एवं गरिमामय कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में विभिन्न श्रमिक संगठनों के पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं ने बड़ी संख्या में सहभागिता कर संगठन के सिद्धांतों और राष्ट्र निर्माण के प्रति अपनी प्रतिबद्धता दोहराई।कार्यक्रम के मुख्य अतिथि राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के कानपुर विभाग के संघचालक डॉ. श्याम बाबू गुप्ता ने भारतीय मजदूर संघ के संस्थापक दत्तोपंत ठेंगड़ी के जीवन, विचारों और संगठन निर्माण में उनके योगदान पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि भारतीय मजदूर संघ ने स्थापना काल से ही "राष्ट्रहित, उद्योगहित एवं मजदूर हित" के समन्वयकारी सिद्धांत को अपनाकर श्रमिक आंदोलन को नई दिशा दी है। उन्होंने कहा कि संगठन श्रमिकों के अधिकारों के साथ-साथ उनके कर्तव्यों, सामाजिक समरसता और राष्ट्र निर्माण को भी समान महत्व देता है। यही कारण है कि भारतीय मजदूर संघ आज देश का सबसे बड़ा और विश्वसनीय श्रमिक संगठन बन चुका है।

कार्यक्रम की अध्यक्षता भारतीय मजदूर संघ उत्तर प्रदेश के संभाग संगठन मंत्री श्रीकांत अवस्थी ने की। इस अवसर पर उत्तर प्रदेश उपाध्यक्ष सुरेश यादव, प्रदेश महामंत्री अनिल उपाध्याय तथा साहित्यिक, सामाजिक एवं सांस्कृतिक संस्था 'कविताई' के संस्थापक अध्यक्ष डॉ. ओमप्रकाश शुक्ल 'अमिय' भी विशिष्ट रूप से उपस्थित रहे।कार्यक्रम में भारतीय मजदूर संघ से संबद्ध कानपुर महानगर के लगभग 40 श्रमिक संगठनों के प्रतिनिधियों और कार्यकर्ताओं की उल्लेखनीय उपस्थिति रही। सभी ने संगठन की विचारधारा को जन-जन तक पहुंचाने तथा श्रमिक हितों, सामाजिक समरसता और राष्ट्र निर्माण के कार्यों में सक्रिय भूमिका निभाने का संकल्प लिया।इस अवसर पर भारतीय जीवन बीमा निगम के अधिकारियों के संगठन नोईनो के क्षेत्रीय महामंत्री संजीव कुमार दुबे, इंश्योरेंस सेक्टर के प्रदेश प्रभारी सुधाकर मिश्रा, केंद्रीय कार्यकारिणी सदस्य सौरभ चतुर्वेदी, कानपुर मंडल अध्यक्ष सीताराम साहू, मंडल उपाध्यक्ष सुनील अग्निहोत्री, संगठन मंत्री ओमवीर, राहुल तिवारी, सुशील शुक्ला सहित अनेक पदाधिकारी उपस्थित रहे।कार्यक्रम का संचालन भारतीय मजदूर संघ के जिला मंत्री दीपक शुक्ला ने किया। अंत में उपस्थित सभी कार्यकर्ताओं ने संगठन की गौरवशाली परंपरा को आगे बढ़ाते हुए श्रमिकों के कल्याण, समाज के विकास और राष्ट्र की प्रगति के लिए समर्पित भाव से कार्य करने का संकल्प लिया।