
अमेठी। राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान (आईटीआई) गौरीगंज के प्रधानाचार्य शिवाकांत द्विवेदी ने बताया कि भारत सरकार के कौशल विकास एवं उद्यमिता मंत्रालय (MSDE) द्वारा भारत कौशल प्रतियोगिता 2026-27 का आयोजन किया जा रहा है। प्रतियोगिता के माध्यम से युवाओं को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने तथा राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर देश का प्रतिनिधित्व करने का अवसर प्राप्त होगा। प्रधानाचार्य ने बताया कि प्रतियोगिता में 16 वर्ष या उससे अधिक आयु के इच्छुक युवक-युवतियां पंजीकरण कर आवेदन कर सकते हैं। भारत कौशल प्रतियोगिता के माध्यम से चयनित प्रतिभागियों को आगे चलकर इंडिया स्किल्स प्रतियोगिता 2026-27, वर्ल्ड स्किल्स एशिया प्रतियोगिता 2027 तथा वर्ल्ड स्किल्स प्रतियोगिता 2028 में भाग लेने का अवसर मिल सकता है। उन्होंने कहा कि यह प्रतियोगिता युवाओं की तकनीकी दक्षता, नवाचार क्षमता एवं व्यावसायिक कौशल को प्रदर्शित करने का एक उत्कृष्ट मंच है। प्रतिभागी इस अवसर का लाभ उठाकर राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपनी पहचान बना सकते हैं तथा अपने जनपद, प्रदेश और देश का नाम रोशन कर सकते हैं। प्रधानाचार्य ने जनपद के अधिक से अधिक पात्र युवाओं से समय रहते पंजीकरण कराने की अपील करते हुए बताया कि पंजीकरण की अंतिम तिथि 15 सितंबर 2026 निर्धारित की गई है। इच्छुक अभ्यर्थी निर्धारित अवधि के भीतर अपना आवेदन सुनिश्चित करें। उन्होंने यह भी बताया कि पंजीकरण या आवेदन प्रक्रिया से संबंधित किसी भी प्रकार की जानकारी अथवा समस्या के समाधान के लिए अभ्यर्थी राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान, गौरीगंज, अमेठी से संपर्क कर सकते हैं।