
पारदर्शी विकास न्यूज़ नई दिल्ली। हैदराबाद हाउस में क्वाड देशों के विदेश मंत्रियों की एक अत्यंत महत्वपूर्ण और उच्च स्तरीय बैठक की विदेश मंत्री डॉ. एस. जयशंकर ने मेजबानी की। इसमें भारत के अलावा क्वाड के अन्य सदस्य देशों अमेरिका, ऑस्ट्रेलिया और जापान ने विदेश मंत्रियों ने हिस्सा लिया, जिनके बीच रणनीतिक सहयोग और हिंद-प्रशांत क्षेत्र की सुरक्षा पर गहन मंथन हुआ।बैठक के दौरान डॉ. जयशंकर, अमेरिकी विदेश मंत्री मार्को रुबियो, ऑस्ट्रेलिया की विदेश मंत्री पेनी वोंग और जापानी विदेश मंत्री तोशिमित्सु मोतेगी द्वारा हिंद-प्रशांत (इंडो-पैसिफिक) क्षेत्र की सुरक्षा, समुद्री व्यापार, वैश्विक आपूर्ति श्रृंखला और ऊर्जा सुरक्षा पर कई ऐतिहासिक निर्णय लिए गए। चारों लोकतांत्रिक देशों ने इंडो-पैसिफिक क्षेत्र में स्थिरता बनाए रखने के लिए ठोस कदम उठाने की घोषणा की। क्वाड समूह ने अपने पहले संयुक्त बुनियादी ढांचा प्रोजेक्ट के तहत फिजी में एक नए पोर्ट का निर्माण करने का बड़ा ऐलान किया।इसके अलावा आर्थिक स्थिरता सुनिश्चित करने के लिए महत्वपूर्ण खनिजों (क्रिटिकल मिनरल्स) की निर्बाध आपूर्ति और ऊर्जा सुरक्षा को लेकर नए समझौतों पर हस्ताक्षर किए गए। इस दौरान अमेरिकी विदेश मंत्री रूबियो ने जानकारी दी कि ऊर्जा लचीलेपन को बढ़ावा देने के लिए अमेरिका इस वर्ष के अंत में 'फ्यूल सिक्योरिटी फोरम' की मेजबानी करेगा।डॉ. जयशंकर ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर बैठक से जुड़ी तीन प्रमुख बातें साझा की। उन्होंने लिखा इंडो-पैसिफिक समुद्री निगरानी पहल और समुद्री क्षेत्र में एक साझा परिचालन तस्वीर पर सहमति बनी। बंदरगाह बुनियादी ढांचे पर एक विशेषज्ञ पैनल बनाने पर विचार किया जाएगा, साथ ही फिजी में एक पायलट बंदरगाह परियोजना और समुद्र के नीचे बिछने वाली केबलों पर सहयोग किया जाएगा।उन्होंने आगे लिखा क्वाड क्रिटिकल मिनरल्स फ्रेमवर्क को अंतिम रूप दिया गया।