
PARDARSHI VIKASH NEWS भोपाल के एक अस्पताल से संदिग्ध परिस्थितियों में लापता हुआ 6 वर्षीय अंश मैना मथुरा में सुरक्षित मिल गया। मथुरा जीआरपी और भोपाल पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में बच्चे को पातालकोट एक्सप्रेस ट्रेन से बरामद किया गया। बाद में भोपाल पुलिस की टीम मथुरा पहुंची और कानूनी प्रक्रिया पूरी कर बच्चे को अपने साथ वापस ले गई।जानकारी के मुताबिक, भोपाल के शाहजहानाबाद क्षेत्र निवासी सिमरन अपने इलाज के लिए रॉयल मार्केट स्थित मल्टीकेयर अस्पताल में भर्ती थीं। 16 जून की सुबह करीब 9:30 बजे उनका 6 साल का बेटा अंश अस्पताल से नीचे उतरा और अचानक लापता हो गया। अंश मानसिक रूप से अस्वस्थ बताया जा रहा है।काफी तलाश के बाद भी बच्चे का पता नहीं चलने पर परिजनों ने कोहेफिजा थाने में शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने अपहरण की आशंका में मामला दर्ज कर जांच शुरू की और रेलवे स्टेशनों पर अलर्ट जारी किया।इसी दौरान मथुरा रेलवे स्टेशन पर पातालकोट एक्सप्रेस में ड्यूटी कर रहे जीआरपी जवानों को एक बच्चा अकेला मिला। बच्चे का हुलिया भोपाल से लापता अंश से मिलता-जुलता था। जीआरपी ने उसे सुरक्षित अपने कब्जे में लेकर चाइल्ड लाइन संस्था को सौंप दिया।मथुरा जीआरपी ने बच्चे की फोटो और जानकारी भोपाल पुलिस को भेजी, जिसके बाद उसकी पहचान अंश मैना के रूप में हुई। भोपाल पुलिस की विशेष टीम मथुरा पहुंची और बच्चे को अपने साथ ले गई।बच्चे के सकुशल मिलने से मां और परिवार ने राहत की सांस ली। अब पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि अंश भोपाल से मथुरा तक कैसे पहुंचा। इसके लिए सीसीटीवी फुटेज और रेलवे रिकॉर्ड की जांच की जा रही है।