
PARDARSHI VIKASH NEWS प्रयागराज। भारतीय जनता युवा मोर्चा (भाजयुमो) के नवनियुक्त प्रदेश अध्यक्ष रोहित मिश्रा की नियुक्ति को लेकर उत्तर प्रदेश कांग्रेस ने सवाल उठाए हैं। कांग्रेस का दावा है कि प्रयागराज के कर्नलगंज थाने में वर्ष 2024 में रोहित मिश्रा के खिलाफ गर्ल्स हॉस्टल के बाहर अश्लील हरकत, मारपीट और धमकी जैसे आरोपों में एफआईआर दर्ज हुई थी, जिसकी जांच अब तक पूरी नहीं हो सकी है।मामला 11 जुलाई 2024 को दर्ज एफआईआर से जुड़ा है। शिकायतकर्ता स्वाती सिंह ने आरोप लगाया था कि 27 जून 2024 की रात उनके पति राहुल सिंह के साथ रोहित मिश्रा और उनके साथियों ने मारपीट की। विरोध करने पर जान से मारने की धमकी दी गई। शिकायत में यह भी आरोप लगाया गया कि आरोपी गर्ल्स हॉस्टल के बाहर अश्लील टिप्पणियां और इशारे करते थे तथा अगले दिन फिर बड़ी संख्या में घर पहुंचकर धमकाया।शिकायतकर्ता का कहना है कि एफआईआर दर्ज होने के बाद कई बार पुलिस अधिकारियों से शिकायत और आईजीआरएस पोर्टल पर प्रार्थना पत्र देने के बावजूद जांच आगे नहीं बढ़ी। दूसरी ओर, पुलिस का कहना है कि मामला अभी विवेचना में है और जांच पूरी होने के बाद नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी।इस बीच, कांग्रेस ने सोशल मीडिया पर इस मामले को उठाते हुए रोहित मिश्रा की नियुक्ति पर सवाल खड़े किए हैं। वहीं, भाजपा ने हाल ही में रोहित मिश्रा को भाजयुमो उत्तर प्रदेश का प्रदेश अध्यक्ष नियुक्त किया है। वह मूल रूप से प्रतापगढ़ के रहने वाले हैं और इससे पहले संगठन में प्रदेश उपाध्यक्ष की जिम्मेदारी संभाल चुके हैं। उनकी नियुक्ति को भाजपा युवा नेतृत्व को मजबूत करने की दिशा में अहम कदम मान रही है।