
PARDARSHI VIKASH NEWS आगरा। जगनेर थाना क्षेत्र में वर्ष 2024 में दर्ज बोलेरो गाड़ी चोरी के मामले में बड़ा मोड़ आ गया है। अपनी ही कार चोरी का मुकदमा दर्ज कराने के आरोपी और भाजपा मंडल अध्यक्ष देवकी नंदन उर्फ सोनू शर्मा ने गुरुवार को अदालत में सरेंडर कर दिया। कोर्ट ने उन्हें तुरंत न्यायिक हिरासत में लेते हुए जेल भेज दिया।मामला उस समय सामने आया जब देवकी नंदन ने अपनी बोलेरो (UP 80 ET 1679) चोरी होने की रिपोर्ट जगनेर थाने में दर्ज कराई थी। पुलिस जांच में गाड़ी बरामद नहीं हो सकी और बाद में अंतिम रिपोर्ट (FR) लगा दी गई थी।लेकिन कागारौल पुलिस की जांच में चौंकाने वाला खुलासा हुआ। पुलिस के अनुसार, शिकायतकर्ता खुद ही इस पूरे मामले का मास्टरमाइंड निकला। आरोप है कि देवकी नंदन ने पहले यह गाड़ी बेच दी थी, लेकिन नाम ट्रांसफर नहीं कराया था। बाद में पैसे की तंगी का हवाला देकर अपने भाई के साथ मिलकर गाड़ी को वापस चोरी करने की साजिश रची।जांच में यह भी सामने आया कि गाड़ी को पहले से बेचे गए व्यक्ति के घर के बाहर से कथित तौर पर चोरी कर जयपुर में एक अन्य खरीदार को बेच दिया गया। पुलिस ने कॉल डिटेल, टोल रिकॉर्ड और अन्य साक्ष्यों के आधार पर करीब 400 पन्नों की चार्जशीट तैयार की है।मामले में गिरफ्तारी से बचने के लिए आरोपियों ने कोर्ट में याचिकाएं दाखिल की थीं, लेकिन उन्हें राहत नहीं मिली। इसके बाद उनके खिलाफ गैर-जमानती वारंट जारी हो गया था।अग्रिम जमानत याचिका खारिज होने के बाद आरोपी ने कोर्ट में सरेंडर किया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया। मामले की आगे जांच जारी है।