news-details

भाजपा का लक्ष्य सत्ता नहीं, राष्ट्र चेतना का जागरण: डॉ. रमापति राम त्रिपाठी

You can share this post!

 

पारदर्शी विकास ब्यूरो कुशीनगर।पंडित दीनदयाल उपाध्याय प्रशिक्षण महाअभियान के अंतर्गत गुरुवार को पडरौना नगर स्थित एक होटल में दो दिवसीय आवासीय जिला प्रशिक्षण वर्ग का शुभारंभ दीप प्रज्ज्वलन एवं प्रदर्शनी के साथ हुआ। कार्यक्रम में भाजपा के वरिष्ठ नेताओं ने संगठन विस्तार, सरकार की योजनाओं, बूथ प्रबंधन, मीडिया संचालन और पार्टी के इतिहास पर कार्यकर्ताओं को प्रशिक्षण दिया।उद्घाटन सत्र को संबोधित करते हुए भाजपा के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष एवं पूर्व सांसद डॉ. रमापति राम त्रिपाठी ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी का उद्देश्य केवल सत्ता प्राप्त करना नहीं, बल्कि समाज में राष्ट्रीय चेतना का जागरण करना है। उन्होंने कहा कि भाजपा समाज के सभी वर्गों को साथ लेकर राष्ट्र प्रथम की अवधारणा को मजबूत करने का कार्य कर रही है। संगठन विस्तार पर बोलते हुए उन्होंने कहा कि पार्टी निरंतर समीक्षा, स्पष्ट उत्तरदायित्व और सुसंगठित प्रयासों के माध्यम से अपने परिवार का विस्तार कर रही है। उन्होंने पश्चिम बंगाल में भाजपा की सफलता को संगठन की मजबूत कार्यपद्धति का परिणाम बताया।सत्र की अध्यक्षता करते हुए जिलाध्यक्ष दुर्गेश राय ने कहा कि भाजपा का कार्यकर्ता होना उनके जीवन का सबसे बड़ा सम्मान है तथा संगठन ही कार्यकर्ताओं की वास्तविक शक्ति है।द्वितीय सत्र में प्रदेश सरकार के कृषि मंत्री सूर्य प्रताप शाही ने मोदी सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं पर विस्तार से चर्चा की। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत करोड़ों गरीबों को पक्का मकान मिला है, जबकि जल जीवन मिशन के माध्यम से हर घर तक शुद्ध जल पहुंचाने का कार्य किया जा रहा है। स्वच्छ भारत मिशन के तहत करोड़ों शौचालयों का निर्माण हुआ है। उन्होंने बताया कि पीएम किसान सम्मान निधि योजना से 11 करोड़ से अधिक किसानों को लाभ मिला है तथा प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना किसानों को जोखिम से सुरक्षा प्रदान कर रही है। पीएम मुद्रा योजना के तहत करोड़ों लोगों को बिना गारंटी ऋण उपलब्ध कराया गया है, वहीं गरीब कल्याण अन्न योजना से 81 करोड़ लोगों को प्रतिमाह मुफ्त राशन दिया जा रहा है।सत्र की अध्यक्षता करते हुए सांसद विजय कुमार दुबे ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश हर चुनौती का मजबूती से सामना करने में सक्षम हुआ है।तीसरे सत्र में क्षेत्रीय मीडिया प्रभारी डॉ. बच्चा नवीन ने मीडिया प्रबंधन पर चर्चा की, जबकि आईटी विभाग संयोजक हिमांशु राज पंडित ने सोशल मीडिया के प्रभावी उपयोग की जानकारी दी। चौथे सत्र में पूर्व सांसद अष्टभुजा शुक्ल ने कहा कि राजनीति केवल पद प्राप्ति का माध्यम नहीं बल्कि समाज और राष्ट्र के प्रति महत्वपूर्ण उत्तरदायित्व है।पंचम सत्र में पंचायत प्रकोष्ठ के प्रदेश संयोजक रमेश सिंह ने भाजपा के इतिहास और उसके शून्य से शिखर तक पहुंचने की यात्रा पर विस्तार से प्रकाश डाला। वहीं छठवें सत्र में क्षेत्रीय महामंत्री सुनील गुप्ता ने बूथ प्रबंधन का प्रशिक्षण देते हुए कार्यकर्ताओं को बूथ विजय का मंत्र दिया। आईटी विभाग जिला संयोजक नमो नारायण मौर्य ने सभी विषयों को पीपीटी के माध्यम से प्रस्तुत किया।कार्यक्रम में किसान मोर्चा प्रदेश अध्यक्ष एवं वर्ग प्रभारी कामेश्वर सिंह, राज्यसभा सांसद आरपीएन सिंह, विधायक मनीष जायसवाल सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि, जिला पदाधिकारी, मंडल अध्यक्ष एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।