
पारदर्शी विकास न्यूज़ कानपुर। भाजपा के कानपुर-बुंदेलखंड क्षेत्रीय कार्यालय में 19 अगस्त को हुए विवाद को प्रदेश नेतृत्व ने गंभीरता से लिया है। कानपुर दक्षिण जिलाध्यक्ष शिवराम सिंह की रिपोर्ट के आधार पर भाजपा उत्तर प्रदेश मुख्यालय प्रभारी गोविंद नारायण शुक्ला ने पूर्व मंत्री शिव पूजन सविता और दक्षिण जिले के सह मीडिया प्रभारी विनय राठौर को नोटिस जारी किया है।बताया गया कि क्षेत्रीय कार्यालय में दोनों पदाधिकारियों के बीच विवाद हुआ था। मामले की जानकारी जिलाध्यक्ष की ओर से प्रदेश नेतृत्व को दी गई। इसके बाद संगठन ने प्रकरण को अनुशासन से जुड़ा गंभीर मामला मानते हुए दोनों से स्पष्टीकरण मांगा है।नोटिस में दोनों पदाधिकारियों को 15 दिनों के भीतर प्रदेश भाजपा कार्यालय में व्यक्तिगत रूप से उपस्थित होकर अपना पक्ष रखने के निर्देश दिए गए हैं। दोनों को विवाद की पूरी घटना के संबंध में स्पष्टीकरण देना होगा।नोटिस की प्रतिलिपि भाजपा प्रदेश अध्यक्ष, प्रदेश महामंत्री संगठन, कानपुर-बुंदेलखंड क्षेत्रीय अध्यक्ष और कानपुर दक्षिण जिलाध्यक्ष को भी भेजी गई है।प्रदेश नेतृत्व की कार्रवाई के बाद अब दोनों पदाधिकारियों के जवाब पर आगे की कार्रवाई निर्भर करेगी। संगठन स्तर पर माना जा रहा है कि मामले में अनुशासन बनाए रखना प्राथमिकता है। स्पष्टीकरण मिलने के बाद प्रदेश नेतृत्व प्रकरण पर आगे निर्णय लेगा।