news-details

बच्चों की सुरक्षा पर परिवहन विभाग सख्त, 9 स्कूल वाहनों के चालान

You can share this post!

 

PARDARSHI VIKASH NEWS औरैया । स्कूली बच्चों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए परिवहन विभाग ने 'मिशन सेफ फ्यूचर' अभियान के तहत शनिवार को स्कूल वाहनों के खिलाफ विशेष जांच अभियान चलाया। कार्रवाई के दौरान सुरक्षा मानकों का उल्लंघन करने वाले 9 स्कूल वाहनों का चालान किया गया, जबकि बिना वैध परमिट संचालित एक स्कूल वाहन को सीज कर दिया गया।अपर परिवहन आयुक्त के निर्देश पर 1 जुलाई से 15 जुलाई 2026 तक चल रहे विशेष अभियान के तहत सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी (प्रशासन/प्रवर्तन) एन.सी. शर्मा के नेतृत्व में विभिन्न स्कूल वाहनों की गहन जांच की गई। जांच में कई वाहनों के दस्तावेज अधूरे मिले और सुरक्षा मानकों का पालन नहीं पाया गया, जिसके बाद तत्काल कार्रवाई की गई।एआरटीओ एन.सी. शर्मा ने बताया कि अभियान का उद्देश्य केवल कार्रवाई करना नहीं, बल्कि स्कूली बच्चों की सुरक्षित यात्रा सुनिश्चित करना है। उन्होंने सभी विद्यालय प्रबंधकों को वाहनों के परमिट, फिटनेस, बीमा, प्रदूषण प्रमाणपत्र, स्पीड गवर्नर, जीपीएस, अग्निशमन यंत्र, फर्स्ट एड बॉक्स सहित सभी अनिवार्य सुरक्षा मानकों का पालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं।उन्होंने चेतावनी दी कि 15 जुलाई तक चलने वाले इस अभियान के दौरान नियमों का उल्लंघन करने वाले किसी भी स्कूल वाहन के खिलाफ चालान, सीज समेत वैधानिक कार्रवाई जारी रहेगी। परिवहन विभाग ने विद्यालय संचालकों से बच्चों की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देने की अपील की है।