
पारदर्शी विकास न्यूज़ लखनऊ। गोमती नदी का जलस्तर बढ़ने से फैजुल्लागंज के दाऊद नगर और मिश्री बाग में जलभराव की स्थिति का जायजा लेने विधायक डॉ. नीरज बोरा प्रशासनिक अधिकारियों के साथ मौके पर पहुंचे। उन्होंने प्रभावित बस्तियों का निरीक्षण कर स्थानीय लोगों की समस्याएं सुनीं और राहत कार्यों की जानकारी ली। विधायक ने बताया कि दाऊद नगर में प्रभावित परिवारों के लिए राहत शिविर बनाया गया है, जहां ठहरने, भोजन और स्वच्छ पेयजल की व्यवस्था की गई है। स्वास्थ्य सेवाओं के लिए 60 फीट रोड पर अस्थायी अस्पताल शुरू किया गया है। यहां प्राथमिक उपचार, जीवनरक्षक दवाओं और एंटी स्नेक वेनम की उपलब्धता सुनिश्चित की गई है।संक्रामक बीमारियों की रोकथाम के लिए ड्रोन से एंटी-लार्वा का छिड़काव कराया जा रहा है। स्वास्थ्य टीमें घर-घर क्लोरीन की गोलियां वितरित कर रही हैं। जलमग्न रास्तों पर आवागमन के लिए नावें और आपात स्थिति के लिए 24 घंटे एंबुलेंस तैनात की गई हैं।विधायक ने अधिकारियों को प्रभावित क्षेत्रों में सतर्क रहने और राहत कार्यों में लापरवाही न बरतने के निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान एसडीएम सदर साहिल कुमार सहित नगर निगम और स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी मौजूद रहे।