
पारदर्शी विकास ब्यूरो / कुशीनगर।
बाढ़ प्रभावितों को स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने के उद्देश्य से रोटरी क्लब कुशीनगर एवं लूना हॉस्पिटल, कसया के संयुक्त तत्वावधान में अहिरौली दान में निःशुल्क स्वास्थ्य शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में करीब 300 मरीजों का स्वास्थ्य परीक्षण कर उन्हें निःशुल्क दवाइयां वितरित की गईं। बाढ़ की विषम परिस्थितियों में चिकित्सा सुविधा मिलने से ग्रामीणों को काफी राहत मिली। शिविर में लूना हॉस्पिटल के चिकित्सक डॉ. रिजवान अहमद, डॉ. अभिषेक मिश्रा एवं डॉ. पवन खरवार ने मरीजों की स्वास्थ्य जांच की। चिकित्सकों ने मरीजों की समस्याओं के अनुसार आवश्यक परामर्श दिया और उनके उपचार के लिए दवाइयां उपलब्ध कराईं। बाढ़ प्रभावित क्षेत्र में स्वास्थ्य सेवाएं पहुंचाने की इस पहल की ग्रामीणों ने सराहना की।रोटरी क्लब कुशीनगर के अध्यक्ष अजय कुमार सिंह ने कहा कि जरूरतमंदों की सेवा करना ही रोटरी का मूल उद्देश्य है। बाढ़ से प्रभावित लोगों को राहत पहुंचाने के लिए स्वास्थ्य शिविर एक छोटा-सा प्रयास है। उन्होंने कहा कि क्लब भविष्य में भी समाजहित और जनसेवा से जुड़े कार्यों में सक्रिय भूमिका निभाता रहेगा।स्वास्थ्य शिविर में रोटरी क्लब के सचिव दुर्गेश चतुर्वेदी, वरिष्ठ उपाध्यक्ष विजय कृष्ण द्विवेदी, अखिलेश शर्मा, अमित श्रीवास्तव, अमरेंद्र नारायण सिंह, विजय सिंह, आदिल खान तथा सामाजिक कार्यकर्ता अरविंद कुमार सिंह सहित अन्य सदस्य उपस्थित रहे। सभी ने जनसेवा के इस प्रयास में सहभागिता निभाई।