
पारदर्शी विकास न्यूज़ कानपुर। जनपद में बाढ़ प्रभावित किसानों और अतिवृष्टि से जनहानि एवं मकान क्षति के मामलों में प्रशासन की ओर से कुल 78 लाख 52 हजार 48 रुपये की आर्थिक सहायता वितरित की गई है। सोमवार को सरसैया घाट स्थित नवीन सभागार में आयोजित कार्यक्रम में जिलाधिकारी महेंद्र सिंह तंवर ने बाढ़ प्रभावित किसानों को कृषि निवेश अनुदान के चेक वितरित किए। इस दौरान गोरखपुर में आयोजित मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के कार्यक्रम का सजीव प्रसारण भी किया गया।कार्यक्रम में जिलाधिकारी ने कहा कि आपदा प्रभावित किसानों और परिवारों को समयबद्ध सहायता उपलब्ध कराना शासन की प्राथमिकता है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि प्रत्येक पात्र लाभार्थी तक सहायता पहुंचाई जाए और कोई भी पात्र व्यक्ति सरकारी सहायता से वंचित न रहे।
422 किसानों को 8.71 लाख रुपये का अनुदान
जनपद में बाढ़ से प्रभावित 422 किसानों को कुल 8 लाख 71 हजार 548 रुपये की कृषि निवेश अनुदान सहायता प्रदान की गई। सदर तहसील में गंगा नदी की बाढ़ से प्रभावित हिन्दूपुर, चिरान, प्रतापपुर हरि, पृथ्वीगंज और कटरी ख्योरा गांवों के 387 किसानों को 7 लाख 73 हजार 375 रुपये दिए गए। इन गांवों में कुल 22.4761 हेक्टेयर कृषि क्षेत्र प्रभावित हुआ था।इसी प्रकार नर्वल तहसील में पांडु नदी की बाढ़ से प्रभावित ग्राम देवसढ़ के मजरा खेड़ा डोमनपुर के 35 किसानों को 98 हजार 173 रुपये की सहायता दी गई। यहां 5.0607 हेक्टेयर कृषि क्षेत्र प्रभावित हुआ था। दोनों तहसीलों में कुल 27.5368 हेक्टेयर कृषि क्षेत्र की क्षति के सापेक्ष किसानों को अनुदान उपलब्ध कराया गया।
अतिवृष्टि से प्रभावित परिवारों को 69.80 लाख रुपये
प्रशासन के अनुसार, एक अप्रैल से अब तक अतिवृष्टि के कारण हुई 15 जनहानियों के मामलों में प्रभावित परिवारों को कुल 60 लाख रुपये की आर्थिक सहायता प्रदान की गई है। इसके अलावा 207 आंशिक रूप से क्षतिग्रस्त कच्चे मकानों के लिए 8 लाख 28 हजार रुपये और पांच आंशिक रूप से क्षतिग्रस्त पक्के मकानों के लिए 32 हजार 500 रुपये की सहायता दी गई।एक पूर्ण रूप से क्षतिग्रस्त कच्चे मकान के लिए 1 लाख 20 हजार रुपये की गृह अनुदान सहायता भी प्रदान की गई। इस प्रकार जनहानि और आवासीय क्षति के मामलों में कुल 69 लाख 80 हजार 500 रुपये वितरित किए गए।कृषि निवेश अनुदान को मिलाकर जनपद में आपदा प्रभावित किसानों एवं परिवारों को कुल 78 लाख 52 हजार 48 रुपये की आर्थिक सहायता उपलब्ध कराई गई है।कार्यक्रम में अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) डॉ. विवेक चतुर्वेदी, तहसीलदार सदर विनय द्विवेदी सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।