
पारदर्शी विकास न्यूज़ अमेठी। अंतरराष्ट्रीय बौद्ध धम्म तीर्थ यात्रा के तहत अमेठी से गया यात्री दल ने सोमवार को बोधगया में विभिन्न बौद्ध तीर्थ स्थलों और विहारों का भ्रमण किया। इस दौरान चीन, जापान और तिब्बत सहित अन्य देशों से आए बौद्ध यात्रियों और भिक्षुओं से संवाद भी किया।यात्रा की शुरुआत महाबोधि विहार के दर्शन से हुई। यहां बौद्ध भिक्षु भंते धम्म ज्योति और भंते शीलवंत ने यात्रियों को सामूहिक रूप से त्रिशरण-पंचशील ग्रहण कराया। इसके बाद दल ने सुजाता स्तूप के दर्शन किए। भोजन के बाद भिक्षु संघ की अगुवाई में यात्री निजी वाहनों से मुंडेश्वरी पहाड़ी पहुंचे और वहां भगवान बुद्ध की प्रतिमा के दर्शन किए।यात्रियों ने सुजाता मंदिर और 80 फीट ऊंची बैठी मुद्रा में भगवान बुद्ध की प्रतिमा के दर्शन किए। इसके साथ ही कंबोडिया, थाईलैंड और श्रीलंका सहित विभिन्न देशों के बौद्ध विहारों का भ्रमण किया।यात्रा का नेतृत्व बसपा सेक्टर अध्यक्ष रामकुमार ककवा और रायबरेली जिले के छतोह विकासखंड निवासी शंकर प्रसाद बौद्ध ने किया। दल में सेवानिवृत्त राजस्व निरीक्षक राजेंद्र प्रसाद बौद्ध, रामचंद्र बौद्ध, फूलचंद बौद्ध, जीपी मौर्य, हरीलाल कोरी, डॉ. बृजेश कुमार मौर्य, हितलाल बौद्ध, निशा, रेखा बौद्ध और कलावती सहित अन्य लोग शामिल रहे।