news-details

बूथ संगठन के दम पर 2027 में सीसामऊ और आर्यनगर सीटें जीतेंगे:अनिल दीक्षित

You can share this post!

 

पारदर्शी विकास न्यूज़ कानपुर। भारतीय जनता पार्टी ने प्रदेशव्यापी बूथ अध्यक्ष सम्मेलन के तहत कानपुर नगर उत्तर की चार विधानसभा सीटों पर संगठनात्मक बैठकें आयोजित कीं। भाजपा कानपुर उत्तर के जिलाध्यक्ष अनिल दीक्षित ने दावा किया कि सम्मेलन में करीब 95 प्रतिशत बूथ अध्यक्षों की भागीदारी रही और पार्टी 2027 के विधानसभा चुनाव में सीसामऊ और आर्यनगर सीटों पर विशेष रणनीति के साथ जीत हासिल करेगी। अनिल दीक्षित ने बताया कि प्रदेश नेतृत्व के निर्देश पर आयोजित इस सम्मेलन में जिला पदाधिकारी, विधायक, सांसद, एमएलसी और पूर्व प्रत्याशी भी शामिल हुए। उन्होंने कहा कि भाजपा हमेशा चुनावी तैयारी की स्थिति में रहती है और बूथ स्तर पर संगठन को मजबूत करना पार्टी की सबसे बड़ी प्राथमिकता है। उनका कहना था कि चुनाव जीतने की नींव बूथ स्तर पर ही रखी जाती है, इसलिए कार्यकर्ताओं को सक्रिय और संगठित किया जा रहा है।उन्होंने बताया कि इस बार सीसामऊ और आर्यनगर विधानसभा सीटों पर पार्टी का विशेष फोकस रहेगा। उनके अनुसार पिछली बार दोनों सीटों पर हार का अंतर महज 5 से 6 हजार वोटों का था। ऐसे में बूथ स्तर पर मजबूत नेटवर्क और कार्यकर्ताओं की सक्रियता के बल पर भाजपा इन दोनों सीटों पर जीत दर्ज करने का लक्ष्य लेकर चल रही है।जिलाध्यक्ष ने मतदाता सूची के विशेष पुनरीक्षण (एसआईआर) का भी उल्लेख करते हुए कहा कि फर्जी मतदाताओं के नाम हटने से मतदाता सूची अधिक शुद्ध हुई है। उनका दावा है कि इससे चुनाव प्रक्रिया और अधिक निष्पक्ष होगी तथा इसका लाभ भाजपा को मिलेगा।जिला महामंत्री एवं बूथ सम्मेलन के संयोजक अवधेश सोनकर ने बताया कि कानपुर उत्तर की चार विधानसभा सीटों—सीसामऊ, आर्यनगर, कल्याणपुर और गोविंदनगर—में लगभग 1100 बूथ अध्यक्ष हैं। सीसामऊ विधानसभा में 275 बूथ हैं, जिनमें 180 बूथ अध्यक्ष गठित किए जा चुके हैं। आर्यनगर में 298 बूथों में 210 बूथ अध्यक्ष कार्यरत हैं। वहीं कल्याणपुर में 360 और गोविंदनगर में 350 बूथों पर संगठन को मजबूत करने का कार्य किया जा रहा है।उन्होंने बताया कि चारों विधानसभा क्षेत्रों में आयोजित सम्मेलनों में संबंधित जनप्रतिनिधियों और संगठन पदाधिकारियों ने बूथ अध्यक्षों को आगामी चुनाव की तैयारियों, मतदाता संपर्क अभियान और संगठन विस्तार को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।भाजपा नेताओं का कहना है कि बूथ अध्यक्ष सम्मेलन का उद्देश्य संगठन को जमीनी स्तर पर और अधिक मजबूत बनाना है, ताकि आगामी विधानसभा चुनाव में बूथ प्रबंधन और कार्यकर्ताओं के मजबूत नेटवर्क के दम पर बेहतर प्रदर्शन किया जा सके। जिला महामंत्री एवं बूथ सम्मेलन के संयोजक अवधेश सोनकर ने बताया कि कानपुर उत्तर की चार विधानसभा—सीसामऊ, आर्यनगर, कल्याणपुर और गोविंदनगर—में कुल करीब 1100 बूथ अध्यक्ष हैं।

चार विधानसभा में 1100 बूथ अध्यक्ष

  • सीसामऊ: 275 बूथ, जिनमें 180 बूथ अध्यक्ष गठित हैं। सम्मेलन में जिलाध्यक्ष अनिल दीक्षित और पूर्व प्रत्याशी सुरेश अवस्थी मौजूद रहे।
  • आर्यनगर: 298 बूथ, 210 बूथ अध्यक्ष गठित। कार्यक्रम में एमएलसी सलिल विश्नोई और प्रमोद विश्वकर्मा शामिल हुए।
  • कल्याणपुर: 360 बूथ। सम्मेलन में विधायक नीलिमा कटियार और जिला महामंत्री अभिनव दीक्षित मौजूद रहे।
  • गोविंदनगर: 350 बूथ। यहां विधायक सुरेंद्र मैथानी और सांसद रमेश अवस्थी ने सम्मेलन की अध्यक्षता की।