
PARDARSHI VIKASH NEWS फर्रुखाबाद में रेलवे क्रॉसिंग पर बंद फाटक पार करने की कोशिश एक रोडवेज बस चालक को भारी पड़ गई। तेज रफ्तार बस की टक्कर से रेलवे फाटक का बूम टूटकर ओवरहेड इलेक्ट्रिक (OHE) लाइन पर गिर गया, जिससे लाइन का तार क्षतिग्रस्त हो गया। इसके चलते टूंडला जाने वाली पैसेंजर ट्रेन करीब एक घंटे तक स्टेशन पर रुकी रही। घटना के बाद चालक बस छोड़कर फरार हो गया, जबकि रेलवे सुरक्षा बल (RPF) ने बस को कब्जे में ले लिया।घटना गुरुवार शाम करीब 3:45 बजे थाना कादरी गेट क्षेत्र के नगला खैरबंद रेलवे क्रॉसिंग पर हुई। जानकारी के अनुसार, कौशांबी डिपो की रोडवेज बस का चालक फाटक बंद होने के बावजूद बस निकालने का प्रयास कर रहा था। इसी दौरान बस फाटक के दक्षिणी बूम से टकरा गई। टक्कर इतनी तेज थी कि बूम उछलकर OHE लाइन से टकराया और उसका एक तार टूट गया।घटना की सूचना मिलते ही फर्रुखाबाद स्टेशन से टूंडला के लिए रवाना होने वाली पैसेंजर ट्रेन को रोक दिया गया। फाटक क्षतिग्रस्त होने से रेलवे क्रॉसिंग के दोनों ओर लंबा जाम लग गया। आरपीएफ टीम मौके पर पहुंची और यात्रियों को बस से उतारकर वाहन को कब्जे में ले लिया।रेलवे कर्मचारियों ने OHE लाइन की मरम्मत के बाद शाम करीब 4:50 बजे ट्रेन को रवाना किया। स्टेशन प्रबंधन के अनुसार, लाइन और फाटक की मरम्मत के बाद रेल संचालन सामान्य किया गया। आरपीएफ ने बस जब्त कर चालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज करने की कार्रवाई शुरू कर दी है।