
पारदर्शी विकास न्यूज़ अमेठी। जिले के विकासखंड भादर क्षेत्र के मोचवा लहना स्थित बूथ संख्या 366 पर रविवार को भारतीय जनता पार्टी के कार्यकर्ताओं ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के लोकप्रिय रेडियो कार्यक्रम 'मन की बात' के 135वें संस्करण को सामूहिक रूप से सुना। कार्यक्रम की अध्यक्षता बूथ अध्यक्ष जमुना प्रसाद मिश्र ने की। भाजपा नेता अमरेंद्र सिंह 'पिन्टू' ने कार्यकर्ताओं एवं क्षेत्रवासियों के साथ प्रधानमंत्री के संबोधन को सुना और कहा कि 'मन की बात' समाज को सकारात्मक दिशा देने वाला प्रेरणादायक कार्यक्रम है, जो देशवासियों को जनभागीदारी, सामाजिक सरोकारों और राष्ट्र निर्माण के लिए प्रेरित करता है।कार्यक्रम के उपरांत बूथ पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं की एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में बूथ समिति का गठन किया गया तथा संगठन को बूथ स्तर पर और अधिक सशक्त बनाने की रणनीति पर विस्तार से चर्चा हुई। आगामी संगठनात्मक कार्यक्रमों और जनसंपर्क अभियान को लेकर भी कार्यकर्ताओं को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।अमरेंद्र सिंह 'पिन्टू' ने कहा कि भाजपा की वास्तविक शक्ति उसके बूथ स्तर के समर्पित कार्यकर्ता हैं। उन्होंने कहा कि "मेरा बूथ, सबसे मजबूत" के संकल्प के साथ पार्टी का प्रत्येक कार्यकर्ता संगठन को मजबूत करने, केंद्र एवं प्रदेश सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को आम जनता तक पहुंचाने तथा क्षेत्र के विकास और जनसेवा के लिए पूरी निष्ठा से कार्य कर रहा है।बैठक में बूथ के पदाधिकारी, कार्यकर्ता एवं बड़ी संख्या में क्षेत्रवासी उपस्थित रहे।