
PARDARSHI VIKASH NEWS कानपुर देहात के देवराहट थाना क्षेत्र स्थित हरिधाम सरकार आश्रम के संचालक हरिओम यादव उर्फ 'बोतल बाबा' पर एक महिला ने छेड़छाड़ और रेप के प्रयास का आरोप लगाया है। महिला का आरोप है कि बाबा ने काली शक्तियों का साया बताकर उसे आश्रम बुलाया और पूजा-पाठ के बहाने उसके साथ अश्लील हरकतें कीं। विरोध करने पर दुष्कर्म का प्रयास किया गया।पीड़िता की शिकायत के बाद पुलिस ने बाबा समेत 5 नामजद और कुछ अज्ञात लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए आरोपी बाबा और उसके एक शिष्य को गिरफ्तार कर लिया है। शुक्रवार को दोनों को कोर्ट में पेश किया गया।महिला के अनुसार, उसके ससुर और दो देवरों ने 6 जून को पूजा कराने के लिए बाबा को घर बुलाया था। इस दौरान बाबा ने दावा किया कि महिला पर काली शक्तियों का प्रभाव है और इसे दूर करने के लिए विशेष अनुष्ठान करना होगा। आरोप है कि इसी बहाने महिला से 40 हजार रुपये भी लिए गए और उसे 15 जून को आश्रम बुलाया गया।महिला ने बताया कि आश्रम पहुंचने के बाद बाबा उसे विशेष पूजा के नाम पर एक कमरे में ले गया। आरोप है कि वहां उसके साथ अश्लील हरकतें की गईं और दुष्कर्म का प्रयास किया गया। विरोध करने पर मारपीट और गला दबाने की कोशिश का भी आरोप लगाया गया। महिला किसी तरह वहां से निकलकर पुलिस के पास पहुंची।पुलिस के मुताबिक, महिला की शिकायत और मेडिकल जांच के आधार पर मुकदमा दर्ज किया गया है। सीओ राजीव सिरोही ने बताया कि आरोपी बाबा हरिओम यादव और उसके शिष्य दीपक को गिरफ्तार कर लिया गया है। अन्य आरोपियों की तलाश की जा रही है।हरिधाम सरकार आश्रम चैन का पुरवा गांव में करीब 4 बीघा जमीन पर बना हुआ है। यहां बाबा के दरबार में बड़ी संख्या में लोग पहुंचते हैं। बाबा पानी की बोतल पर फूंक मारकर कई बीमारियां ठीक करने का दावा करता था। मामले की जांच पुलिस द्वारा की जा रही है।