
PARDARSHI VIKASH NEWS फर्रुखाबाद के राजेपुर थाना क्षेत्र के बिरसिंहपुर गांव में लंबे समय से चली आ रही जलभराव और कीचड़ की समस्या के समाधान के लिए नाला निर्माण कार्य शुरू हो गया है। मुख्य मार्ग पर निर्माण कार्य शुरू होने से ग्रामीणों ने राहत की सांस ली है।ग्रामीणों के अनुसार, गांव में जल निकासी की समुचित व्यवस्था न होने के कारण बरसात में सड़क पर पानी भर जाता था और पूरा रास्ता कीचड़ में तब्दील हो जाता था। इससे स्कूली बच्चों, किसानों और अन्य ग्रामीणों को आवागमन में भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ता था। दोपहिया और चारपहिया वाहनों की आवाजाही भी प्रभावित रहती थी, जबकि गंदा पानी जमा रहने से दुर्गंध और मच्छरों के कारण संक्रामक बीमारियों का खतरा बना रहता था।ग्रामीणों ने कई बार प्रशासन और जनप्रतिनिधियों से समस्या के समाधान की मांग की थी। पूर्व प्रधान राम सिंह चौहान उर्फ रामू फौजी और गौरक्षक दल के सदस्य अभय कुमार सिंह चौहान ने भी अधिकारियों को लिखित शिकायत देकर नाला निर्माण की मांग उठाई थी।लगातार मिल रही शिकायतों के बाद प्रशासनिक अधिकारियों ने गांव का निरीक्षण किया। समस्या सही पाए जाने पर नाला निर्माण के निर्देश दिए गए, जिसके बाद कार्य शुरू कर दिया गया।स्थानीय निवासी ज्ञानेंद्र सिंह ने बताया कि नाला बनने से वर्षों पुरानी समस्या का समाधान होगा और बरसात के दिनों में लोगों को जलभराव व कीचड़ से राहत मिलेगी। इससे गांव में आवागमन भी सुगम हो जाएगा।