
पारदर्शी विकास न्यूज़ औरैया। भारत मौसम विज्ञान विभाग ने जनपद में बारिश को लेकर येलो अलर्ट जारी किया है। मौसम के पूर्वानुमान को देखते हुए जिलाधिकारी बृजेश कुमार ने लोगों से सतर्क रहने और खराब मौसम में अनावश्यक रूप से घर से बाहर न निकलने की अपील की है। जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण ने आकाशीय बिजली से बचाव के लिए एडवाइजरी जारी की है।जिलाधिकारी ने बताया कि बारिश और गरज-चमक के दौरान वज्रपात की आशंका रहती है। ऐसे में किसान, खेतों में काम करने वाले श्रमिक, बच्चे और बुजुर्ग विशेष सावधानी बरतें। बिजली चमकने पर खुले स्थान से हटकर किसी पक्के मकान में शरण लें। यात्रा के दौरान तेज गरज-चमक होने पर सुरक्षित स्थान मिलने तक वाहन के अंदर रहें।प्रशासन ने लोगों को पेड़ों, बिजली के खंभों, तालाबों और नदियों से दूर रहने की सलाह दी है। खिड़कियों, दरवाजों और छत पर खड़े होने से बचने के साथ बिजली के उपकरणों और धातु की वस्तुओं को न छूने की हिदायत दी गई है।प्रशासन ने अपील की है कि मौसम संबंधी चेतावनियों पर नजर रखें और बच्चों को खुले मैदानों व जलाशयों से दूर रखें। किसी व्यक्ति पर बिजली गिरने की स्थिति में उसे तत्काल चिकित्सा सहायता दिलाएं।