
सामाजिक सुरक्षा की गारंटी है पुरानी पेंशन,इसे लेकर ही दम लेंगे:मंजीत यादव
पारदर्शी विकास न्यूज़ अमेठी। पुरानी पेंशन बहाली की मांग को लेकर शुक्रवार को लखनऊ के इको गार्डन में आयोजित पेंशन रैली में खराब मौसम के बावजूद जिले से सैकड़ों की संख्या में टीचर और कर्मचारी शामिल हुए।अटेवा के जिला अध्यक्ष मंजीत यादव, महामंत्री अजय कुमार मौर्य और कोषाध्यक्ष देवांशु सिंह के नेतृत्व में जिले के सभी विकास खंडों से शिक्षक रैली में शामिल हुए और छाते लगाकर विजय कुमार बंधु के नेतृत्व के समर्थन और ओपीएस बहाल करने के लिए जबरदस्त नारे बाजी की।पुरानी पेंशन बहाली की मांग, टी ई टी की अनिवार्यता समाप्त करने और निजीकरण के विरोध में अटेवा पेंशन बचाओ मंच की ओर से राजधानी लखनऊ में आयोजित पेंशन रैली में शुक्रवार को विपरीत मौसम और रिमझिम बारिश के बावजूद हजारों की संख्या में शिक्षक और कर्मचारी शामिल हुए। पेंशन रैली को मुख्य अतिथि के रूप में एन ओ पी एस के राष्ट्रीय अध्यक्ष विजय कुमार बंधु ने सम्बोधित किया। रैली में केन्द्र सरकार से अध्यादेश लाकर पुरानी पेंशन बहाली की मांग की गई।जय युवा,जय अटेवा,ओपीएस जिंदाबाद,एन पी एस/यूपीएस मुर्दाबाद,जो ओपीएस लागू करेगा,वही देश पर राज करेगा ---- आदि नारों के साथ अटेवियंस ने केंद्र सरकार को अल्टीमेटम दिया। अमेठी जिले से बरसात के बावजूद सैकड़ों की संख्या में शिक्षक और कर्मचारी रैली में शामिल हुए।बस , ट्रेन और चार पहिया वाहनों से लोगों के लखनऊ पहुंचने का क्रम एक बजे तक जारी रहा।पारदर्शी विकास से बातचीत में अटेवा के जिला अध्यक्ष मंजीत यादव ने कहा कि पुरानी पेंशन हमें सेवानिवृत्ति के बाद सामाजिक सुरक्षा की गारंटी देती है। पुरानी पेंशन हमारी बुढ़ापे की लाठी है। केन्द्र सरकार ने इसे कर्मचारियों से छीन लिया है।ओपीएस को खत्म करने के लिए एन डी ए, भाजपा, यूपीए और कांग्रेस बराबर की जिम्मेदार है। देश में पेंशन का दो विधान नहीं चलेगा। राजनेता एक साथ कई पेंशन ले रहे हैं और राष्ट्र की प्रगति और उन्नति में जीवन भर योगदान करने वाले शिक्षकों और कर्मचारियों को पुरानी पेंशन नहीं देना चाहते। संघर्ष का सफर चाहे जितना लम्बा हो ,हम पुरानी पेंशन वापस लेकर ही रहेंगे।इस अवसर पर जिला कोषाध्यक्ष देवांशु सिंह, उत्तर प्रदेशीय जूनियर हाईस्कूल शिक्षक संघ के जिला उपाध्यक्ष संजीव भारती, अवनीश वर्मा, जामवंत मौर्य, रमाशंकर यादव,फूलचंद,प्रवीन कुमार सिंह,ओम प्रकाश राव, प्रमोद मिश्रा, रविशंकर दूबे, राजेश कुमार , रामहर्ष, बृजेश कुमार, प्रहलाद गौतम,सोम प्रकाश, प्रमोद दूबे , रंजीत यादव आदि मौजूद रहे।