
Pardarshi Vikas News Hamirpur
अखिल भारतीय ब्राह्मण महासभा ने सोशल मीडिया पर ब्राह्मण समाज के खिलाफ कथित आपत्तिजनक टिप्पणी करने वाले युवक के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की मांग उठाई है। इस संबंध में संगठन के पदाधिकारियों ने पुलिस अधीक्षक को ज्ञापन सौंपकर मामले की गंभीरता से जांच कर दोषी के खिलाफ सख्त कदम उठाने की मांग की।
महासभा के अनुसार, इचौली गांव निवासी एक युवक द्वारा सोशल मीडिया पर एक वीडियो पोस्ट किया गया है, जिसमें ब्राह्मण समाज के प्रति अभद्र भाषा का प्रयोग किया गया है। संगठन का आरोप है कि वीडियो में धमकी भरे शब्दों का भी इस्तेमाल किया गया, जिससे सामाजिक सौहार्द बिगड़ने की आशंका है।
महासभा के अध्यक्ष दीपक मिश्रा ने बताया कि इस मामले में संगठन ने पहले इचौली चौकी में शिकायत दर्ज कराई थी। उन्होंने कहा कि समाज में वैमनस्य फैलाने वाले ऐसे कृत्यों को किसी भी हालत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और दोषी के खिलाफ त्वरित कार्रवाई आवश्यक है।
वहीं पुलिस के सोशल मीडिया सेल के अनुसार, मामले की जांच सीओ मौदहा को सौंपी गई है। अधिकारियों का कहना है कि जांच के दौरान प्राप्त साक्ष्यों के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।