news-details

बाराबंकी में नकली चायपत्ती फैक्ट्री का भंडाफोड़, इस्तेमाल की चायपत्ती को रंगकर बेच रहे थे

You can share this post!

 

PARDARSHI VIKASH NEWS उत्तर प्रदेश के बाराबंकी में एसटीएफ और खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन (एफएसडीए) की संयुक्त टीम ने एक अवैध फैक्ट्री का भंडाफोड़ किया है, जहां इस्तेमाल की जा चुकी चायपत्ती को कृत्रिम रंग मिलाकर दोबारा पैक कर बाजार में बेचा जा रहा था। करीब तीन घंटे चली छापेमारी में 800 किलोग्राम रंगी हुई चायपत्ती, 5 किलोग्राम कृत्रिम रंग, पैकिंग सामग्री और सीलिंग मशीनें बरामद की गईं। जांच में सामने आया कि होटलों और ढाबों से इकट्ठा की गई इस्तेमाल की हुई चायपत्ती को सुखाकर और रंग मिलाकर 'फास्ट टी' व 'गार्डेन फ्रेश' नाम से बाजार में बेचा जा रहा था। फैक्ट्री संचालक शकील को गिरफ्तार कर उसके खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है तथा फैक्ट्री को सील कर दिया गया है। अधिकारियों के अनुसार, मिलाया जा रहा कृत्रिम रंग स्वास्थ्य के लिए बेहद हानिकारक है और इसके लगातार सेवन से कैंसर जैसी गंभीर बीमारियों का खतरा बढ़ सकता है। खाद्य विभाग ने लोगों से केवल विश्वसनीय दुकानों और अधिकृत ब्रांडों की खाद्य सामग्री खरीदने की अपील की है। इसी अभियान के दौरान एक रेस्टोरेंट से लाल मिर्च का नमूना भी जांच के लिए लिया गया और कमियां मिलने पर संचालक को नोटिस जारी किया गया।