
पारदर्शी विकास ब्यूरो कुशीनगर। महिलाओं एवं बालिकाओं की सुरक्षा, सम्मान और स्वावलंबन को बढ़ावा देने हेतु संचालित “मिशन शक्ति” विशेष अभियान (फेज-5.0) के द्वितीय चरण के अंतर्गत सोमवार को विकास खण्ड विशुनपुरा स्थित प्राथमिक विद्यालय बतरौली में जन-जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में बाल विवाह रोकथाम, महिला सुरक्षा तथा सरकारी योजनाओं की जानकारी देकर छात्राओं को जागरूक किया गया।कार्यक्रम के दौरान हब फॉर एंपावरमेंट ऑफ वूमेन टीम के डिस्ट्रिक्ट मिशन कोऑर्डिनेटर नलिन सिंह ने बाल विवाह के दुष्प्रभावों पर विस्तार से चर्चा करते हुए छात्राओं को कम उम्र में विवाह से होने वाली शारीरिक, मानसिक एवं सामाजिक समस्याओं के बारे में बताया। उन्होंने बाल विवाह न करने तथा इसके विरुद्ध आवाज उठाने के लिए प्रेरित किया।जेंडर स्पेशलिस्ट बन्दना कुशवाहा ने कहा कि यदि आसपास किसी नाबालिग लड़के या लड़की का विवाह हो रहा हो तो इसकी सूचना तत्काल चाइल्ड हेल्पलाइन 1098 या आपातकालीन सेवा 112 पर दें। वहीं जेंडर स्पेशलिस्ट प्रीति सिंह ने छात्राओं को महिला हेल्पलाइन 1090, वन स्टॉप सेंटर 181, एम्बुलेंस सेवा 108 एवं 102 सहित विभिन्न हेल्पलाइन नंबरों की उपयोगिता की जानकारी दी।कार्यक्रम में महिला कल्याण विभाग द्वारा संचालित निराश्रित महिला पेंशन योजना, मुख्यमंत्री कन्या सुमंगला योजना एवं मुख्यमंत्री बाल सेवा योजना (सामान्य) समेत विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं के बारे में भी विस्तार से बताया गया। विशेष दत्तक ग्रहण इकाई की स्टाफ नर्स शशिकला ने योजनाओं के लाभ एवं आवेदन प्रक्रिया की जानकारी दी।इस अवसर पर विद्यालय के शिक्षक विनोद कुमार गुप्ता, चंद्र प्रकाश सिंह, सूचित प्रसाद एवं शबनम परवीन सहित विद्यालय की छात्राएं उपस्थित रहीं। कार्यक्रम का समापन बाल विवाह न करने की शपथ दिलाकर किया गया। साथ ही छात्राओं से अपील की गई कि बाल विवाह से जुड़ी किसी भी सूचना को तत्काल 1098 या 112 पर साझा करें, ताकि “बाल विवाह मुक्त भारत अभियान” को सफल बनाया जा सके।