
पारदर्शी विकास न्यूज़ अमेठी /भेटुआ। बुधवार को ब्लॉक प्रशासन ने स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों को सम्मान देने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल की है। ब्लॉक परिसर में राष्ट्रीय ध्वज (तिरंगे) की छांव तले स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों के नाम अंकित स्मारक शिलापट्ट स्थापित किया जा रहा है। यह कदम शहीदों के बलिदान को श्रद्धांजलि देने के उद्देश्य से उठाया गया हैखंड विकास अधिकारी श्रीप्रकाश पाण्डेय और ब्लॉक प्रमुख आकर्ष शुक्ला की उपस्थिति में इस शिलापट्ट को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) भेटुआ परिसर के एक कोने से हटाकर ब्लॉक परिसर में तिरंगे के पास स्थापित किया गया। अधिकारियों ने बताया कि शिलापट्ट को ऐसी जगह स्थापित किया जा रहा है, जहां आने वाले लोग आसानी से स्वतंत्रता सेनानियों के योगदान को नमन कर सकें। शिलापट्ट के चारों ओर चबूतरे का निर्माण और सौंदर्याकरण का कार्य तेजी से जारी है। प्रशासन का लक्ष्य है कि 15 अगस्त, स्वतंत्रता दिवस से पहले यह पूरा स्थल तैयार हो जाए, ताकि राष्ट्रीय पर्व पर स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों को श्रद्धापूर्वक नमन किया जा सके।स्थानीय निवासियों ने इस पहल की सराहना की है। उनका कहना है कि तिरंगे की छांव में स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों का शिलापट्ट स्थापित होना उनके बलिदान के प्रति सच्चे सम्मान का प्रतीक है। इससे नई पीढ़ी को भी देश की आजादी के लिए संघर्ष करने वाले वीरों के योगदान से प्रेरणा मिलेगी।