news-details

बांके बिहारी मंदिर कमेटी की बैठक में 11 मुद्दों पर मंथन, स्वर्ण-रजत झूले का होगा जीर्णोद्धार

You can share this post!

 

PARDARSHI VIKASH NEWS मथुरा के वृंदावन स्थित बांके बिहारी मंदिर हाईपावर्ड मैनेजमेंट कमेटी की 16वीं बैठक सोमवार देर शाम लक्ष्मण शहीद स्मारक भवन में संपन्न हुई। बैठक में मंदिर प्रबंधन, श्रद्धालुओं की सुविधाएं, यातायात व्यवस्था, अतिक्रमण नियंत्रण, खाद्य सुरक्षा और मंदिर संपत्तियों से जुड़े 11 प्रमुख मुद्दों पर चर्चा की गई। बैठक की अध्यक्षता इलाहाबाद हाईकोर्ट के सेवानिवृत्त न्यायमूर्ति एवं समिति अध्यक्ष अशोक कुमार ने की।बैठक में भगवान बांके बिहारी जी महाराज के स्वर्ण एवं रजत झूले, सिंहासन, सीढ़ी सहित अन्य धातु निर्मित धार्मिक सामग्री की मरम्मत कराने पर सहमति बनी। करीब 200 किलो सोने-चांदी से बने झूले के जीर्णोद्धार का निर्णय लिया गया। यह झूला हर साल हरियाली तीज के अवसर पर भक्तों के दर्शन के लिए खोला जाता है। इसके अलावा मंदिर में सुरक्षित रखी गई पीली और सफेद धातुओं के मूल्यांकन और उन्हें सुरक्षित लॉकर में रखने पर भी चर्चा हुई।समिति ने मंदिर की साफ-सफाई व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए प्राप्त निविदाओं पर भी विचार किया। बैठक में एसएसपी ने बताया कि मंदिर में पांच साल से तैनात ऐसे पुलिसकर्मियों को हटाकर उनकी मूल तैनाती स्थल पर भेज दिया गया है, जो अन्य स्थानों पर तैनात होने के बावजूद मंदिर में अटैच होकर ड्यूटी कर रहे थे। मंदिर की सुरक्षा में 250 से अधिक पुलिसकर्मी तैनात हैं।भगवान बांके बिहारी की प्राकट्य स्थली निधिवनराज की सेवा-पूजा व्यवस्था के लिए प्राप्त निविदा पर भी चर्चा हुई। विक्की गोस्वामी की ओर से दी गई 13 करोड़ 15 लाख 11 हजार रुपये की निविदा को समिति ने मंजूरी दे दी। वहीं मंदिर भवन और परिसर के संरचनात्मक सर्वेक्षण पर चर्चा करते हुए समिति अध्यक्ष अशोक कुमार ने कहा कि एएसआई की ओर से मंदिर को खतरे संबंधी कोई रिपोर्ट नहीं दी गई है।बैठक में वृंदावन की यातायात व्यवस्था, मंदिर के आसपास अतिक्रमण हटाने और खाद्य सुरक्षा विभाग की कार्रवाई की समीक्षा की गई। अधिकारियों ने बताया कि श्रद्धालुओं की सुविधाओं और मंदिर व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए लगातार कदम उठाए जा रहे हैं। बैठक में जिलाधिकारी चंद्र प्रकाश सिंह, एसएसपी श्लोक कुमार, नगर आयुक्त जग प्रवेश सहित समिति के अन्य सदस्य मौजूद रहे।