
पारदर्शी विकाश न्यूज़ लखनऊ
प्रभारी मंत्री एवं प्रदेश के वित्त तथा संसदीय कार्य मंत्री सुरेश कुमार खन्ना ने नैमिषारण्य स्थित वीवीआईपी गेस्ट हाउस में विद्युत विभाग की समीक्षा बैठक कर अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि बिजली आपूर्ति में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने उपभोक्ताओं को निर्धारित मानकों के अनुरूप निर्बाध विद्युत आपूर्ति सुनिश्चित करने और शिकायतों का त्वरित निस्तारण करने पर जोर दिया।बैठक में महापौर सुषमा खर्कवाल, विधायकगण, जिलाधिकारी विशाख जी, मुख्य विकास अधिकारी तथा विभाग के वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे। मंत्री ने कहा कि लखनऊ प्रदेश की राजधानी होने के कारण यहां की व्यवस्थाएं अन्य जिलों के लिए उदाहरण मानी जाती हैं, इसलिए बिजली व्यवस्था में किसी भी स्तर पर कोताही स्वीकार नहीं की जाएगी।उन्होंने बिजली चोरी रोकने के लिए विशेष अभियान चलाने और राजस्व हानि पर नियंत्रण के निर्देश दिए। साथ ही जनप्रतिनिधियों से प्राप्त शिकायतों का प्राथमिकता के आधार पर समाधान करने को कहा।बैठक में कई जनप्रतिनिधियों ने शिकायत की कि कुछ जूनियर इंजीनियर फोन नहीं उठाते, जिससे जनता की समस्याओं का समाधान प्रभावित होता है। इस पर नाराजगी जताते हुए मंत्री ने सभी जेई को जनप्रतिनिधियों के नंबर सेव करने तथा कॉल न उठा पाने की स्थिति में बैक कॉल करने के निर्देश दिए।समीक्षा के दौरान जानकीपुरम क्षेत्र में गलत एस्टीमेट और पोल स्थापना में अनियमितता की शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए संबंधित जेई के निलंबन के निर्देश दिए गए। साथ ही नगर निगम के ट्रांसफर स्टेशन और चार्जिंग स्टेशन को विद्युत कनेक्शन देने में लापरवाही बरतने वाले अधिकारियों के खिलाफ भी कार्रवाई करने को कहा गया। मंत्री ने कहा कि विद्युत विभाग एक आपातकालीन सेवा है और जनता की समस्याओं का समयबद्ध समाधान सर्वोच्च प्राथमिकता होनी चाहिए।