news-details

बुजुर्ग आबादी की चुनौती से निपटने के लिए केरल अपनाएगा जापानी मॉडल

You can share this post!

 

PARDARSHI VIKASH NEWS देश में सबसे तेजी से बुजुर्ग होती आबादी वाले राज्यों में शामिल केरल ने वरिष्ठ नागरिकों की बढ़ती संख्या को देखते हुए नई पहल शुरू करने का फैसला किया है। राज्य सरकार ने वरिष्ठ नागरिकों के लिए देश का पहला समर्पित विभाग और वरिष्ठ नागरिक आयोग बनाने की घोषणा की है।‘भारत में बुजुर्ग’ रिपोर्ट 2021 के अनुसार, केरल में 2011 में 60 वर्ष से अधिक आयु की आबादी 12.5 प्रतिशत थी, जो अब बढ़कर 16.5 से 18.7 प्रतिशत के बीच पहुंच गई है। अनुमान है कि 2031 तक यह आंकड़ा 20.9 प्रतिशत और 2051 तक राज्य की कुल आबादी का लगभग एक-तिहाई हो सकता है।बढ़ती वृद्ध आबादी की जरूरतों को देखते हुए केरल जापान के समुदाय आधारित देखभाल मॉडल को अपनाने की तैयारी कर रहा है। इसके तहत घर-घर स्वास्थ्य और नर्सिंग सेवाएं, असिस्टेड लिविंग सुविधाएं तथा बुजुर्गों के अनुकूल बुनियादी ढांचा विकसित किया जाएगा।राज्य में युवाओं के विदेश और अन्य राज्यों में पलायन के कारण बड़ी संख्या में बुजुर्ग अकेले रह रहे हैं। इसके चलते अवसाद, डिमेंशिया और मानसिक स्वास्थ्य संबंधी समस्याएं भी बढ़ रही हैं।नई योजना के तहत प्रशिक्षित केयरगिवर्स की व्यवस्था, लो-फ्लोर बसें, सुरक्षित पैदल मार्ग और व्हीलचेयर अनुकूल इमारतें विकसित की जाएंगी। साथ ही सेवानिवृत्त शिक्षकों, इंजीनियरों और अन्य पेशेवरों का ‘स्किल बैंक’ बनाकर उन्हें सामाजिक गतिविधियों से जोड़ा जाएगा, ताकि वे सक्रिय और समाज से जुड़े रह सकें।