
बाराबंकी।नौ अक्टूबर को लखनऊ में आयोजित कार्यक्रम की तैयारी को लेकर बहुजन समाज पार्टी की हैदरगढ़ विधानसभा की बैठक हुई। बैठक में विधानसभा के सभी पोलिंग बूथों से समर्थकों को लखनऊ पहुंचाने के लिए कार्ययोजना तैयार की गई। मुख्य अतिथि मुख्य मंडल प्रभारी अजय कुमार गौतम रहे। उन्होंने कहा कि मान्यवर कांशीराम साहब ने बहुजन समाज को बाबा साहब डॉ अम्बेडकर की ओर से दिए गए मताधिकार की ताकत का एहसास कराकर भारत की राजनीति को बदल दिया। बाबा साहब डॉ अम्बेडकर के विचारों को धरातल पर उतारने के लिए ही बहुजन समाज पार्टी की स्थापना हुई है।जिला अध्यक्ष तुलसी प्रसाद ने राज्य स्तरीय श्रद्धांजलि कार्यक्रम में प्रत्येक पोलिंग बूथ से समर्थकों और कार्यकर्ताओं को लखनऊ पहुंचाने की अपील की और कहा कि मान्यवर कांशीराम साहब की पुण्यतिथि पर प्रदेश भर के कार्यकर्ता 2027में पांचवीं बार बहन मायावती जी को मुख्यमंत्री बनाने का संकल्प लेंगे।बैठक को सामाजिक भाईचारा कमेटी के अध्यक्ष प्रमोद गौतम ने भी सम्बोधित किया।