news-details

बाबा साहब डॉ अम्बेडकर के सम्मान में मुख्यमंत्री की घोषणा का स्वागत, शासनादेश जारी करने की मांग

You can share this post!

Pardarshi Vikas News Amethi

संविधान निर्माता बोधिसत्व बाबा साहब डॉ अम्बेडकर की 135वीं जयंती के एक सप्ताह पहले मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने उत्तर प्रदेश के सभी जिलों में खुले में स्थापित डॉ अम्बेडकर की प्रतिमाओं के ऊपर छत्र लगाने और अम्बेडकर पार्कों के सौन्दर्यीकरण कराने की घोषणा की है। अम्बेडकरवादी सामाजिक संगठनों ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की घोषणा का स्वागत करते हुए इस सम्बन्ध में शासनादेश जारी करने की मांग की है।
 बाबा साहब डॉ अम्बेडकर के सम्मान में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का इस तरह का बयान एक साल पहले भी आया था, किंतु किसी भी जिले में जिला पंचायत राज अधिकारियों ने अम्बेडकर पार्कों के विकास के लिए कोई कार्ययोजना नहीं तैयार कराई और फंड भी जारी नहीं किया।फंड की कमी के कारण मनरेगा और वित्त आयोग के मद में आवंटित धनराशि से तमाम काम पूरे नहीं हो पाए हैं।बड़ी संख्या में आंगनबाड़ी केंद्रों का निर्माण अभी तक पूरा नहीं हुआ है। अमेठी विकास खंड की ग्राम पंचायत रायदयपुर के बिराहिनपुर गांव की दलित बस्ती में जल निकासी हेतु नाली के निर्माण का काम पूरा नहीं हो पा रहा है।
 अम्बेडकर सेवा समिति के अध्यक्ष डॉ उदयराज राव और वीरांगना झलकारी बाई चेतना समिति के अध्यक्ष संजय कुमार शास्त्री ने कहा कि मुख्यमंत्री की घोषणा स्वागत योग्य कदम है।यह घोषणा कार्यरूप में तभी सामने आ सकती है जब सरकार की ओर से इस सम्बन्ध में शासनादेश जारी हो।

 इनसेट 1 

ग्राम पंचायतों की ओर से विकसित किए जाएं सभी राजस्व ग्रामों में अम्बेडकर पार्क 

अमेठी।

 वरिष्ठ सामाजिक कार्यकर्ता हौसिला प्रसाद बौद्धाचार्य,अभय प्रताप गौतम,के के आर्य, धर्मराज कोरी, रामशंकर दानी, रामचंद्र, फूलचंद बौद्ध, त्रिभुवन दत्त आदि ने बताया कि सुश्री मायावती के मुख्यमंत्रित्व काल में सभी राजस्व ग्रामों में 16विस्वा भूमि अम्बेडकर पार्क के नाम सुरक्षित की गई थी।जिले के पचास प्रतिशत से अधिक राजस्व ग्रामों में अम्बेडकर पार्क अभी तक विकसित नहीं हो पाए हैं, कुछ जगह अम्बेडकर पार्को के लिए सुरक्षित जमीनें अतिक्रमण और अवैध कब्जे की शिकार हैं। हमारी मांग है कि सरकार सभी राजस्व ग्रामों में अम्बेडकर पार्कों को सुरक्षित करने के लिए ग्राम पंचायतों के माध्यम से कार्ययोजना तैयार कर हर जगह बाउंड्री वॉल का निर्माण कराए।


एक साल बाद भी नहीं शुरू हुआ बाउंड्री वॉल का निर्माण 

अमेठी।

 विकास खंड भेंटुआ की ग्राम पंचायत कमासिन में सुरक्षित अम्बेडकर पार्क की बाउंड्री वॉल के निर्माण के लिए पूर्व में तैनात खंड विकास अधिकारी हरिश्चंद्र सिंह ने नाप कराने के बाद ग्राम पंचायत अधिकारी को मनरेगा से बाउंड्री वॉल का निर्माण कराने के निर्देश दिए थे, एक साल से अधिक का समय बीत चुका है, अभी तक सेक्रेटरी ने काम शुरू नहीं कराया है।