news-details

बीबीएस स्मृति विद्यापीठ में हर्षोल्लास से मनाया गया शिक्षक दिवस

You can share this post!

 

पारदर्शी विकास न्यूज़ औरैया। शहर स्थित श्री बीबीएस स्मृति विद्यापीठ संस्थान में 5 सितंबर को शिक्षक दिवस हर्षोल्लास और उत्साह के साथ मनाया गया। कार्यक्रम में भारत के महान शिक्षाविद् एवं पूर्व राष्ट्रपति डॉ. सर्वपल्ली राधाकृष्णन को श्रद्धापूर्वक याद किया गया।कार्यक्रम की शुरुआत शिक्षक-शिक्षिकाओं के सम्मान से हुई। छात्र-छात्राओं ने अपने गुरुजनों को विशेष शीर्षक बैज लगाकर सम्मानित किया। इसके बाद विद्यार्थियों ने रंगारंग एवं प्रेरणादायी सांस्कृतिक प्रस्तुतियां देकर शिक्षकों के प्रति सम्मान और आभार व्यक्त किया।कक्षा चार की छात्रा ने “शिक्षक हमारे कर्णधार” कविता प्रस्तुत कर शिक्षकों के त्याग, समर्पण और समाज निर्माण में उनकी भूमिका को भावपूर्ण शब्दों में व्यक्त किया। कविता ने उपस्थित लोगों को भाव-विभोर कर दिया।इस अवसर पर शिक्षक-शिक्षिकाओं ने शिक्षक दिवस के महत्व तथा डॉ. सर्वपल्ली राधाकृष्णन के व्यक्तित्व और कृतित्व पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि शिक्षक विद्यार्थियों को सही दिशा देकर उनके जीवन को सफल बनाने के साथ समाज और राष्ट्र के भविष्य को आकार देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।कार्यक्रम के समापन पर विद्यालय के प्रबंधक गौरव भूषण शर्मा ने सभी शिक्षक-शिक्षिकाओं को शिक्षक दिवस की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने शिक्षकों के अथक प्रयास और समर्पण की सराहना करते हुए कहा कि उनके योगदान से ही विद्यार्थियों और विद्यालय का भविष्य उज्ज्वल बनता है। पूरे कार्यक्रम के दौरान विद्यालय परिसर में सम्मान, उत्साह और उल्लास का माहौल रहा।