news-details

अयोध्या से बक्सर तक तीन दिवसीय पदयात्रा शुरू, सरयू संरक्षण और तीर्थ विकास का संकल्प

You can share this post!

 

PARDARSHI VIKASH NEWS अयोध्या से बक्सर तक 'रघुभूमि से तपोभूमि तक' तीन दिवसीय पदयात्रा रविवार, 29 जून से शुरू हो गई। यह पदयात्रा अयोध्या धाम के लता चौक से प्रारंभ होकर 1 जुलाई को बिहार के बक्सर में संपन्न होगी। यात्रा का आह्वान बिल्वहरि घाट स्थित चक्रवर्ती महाराज दशरथ समाधि स्थल के महंत संदीप दास जी महाराज ने किया है।पदयात्रा अयोध्या से टांडा, आजमगढ़, मऊ और बलिया होते हुए बक्सर पहुंचेगी। इसका मुख्य उद्देश्य मूल सरयू नदी के संरक्षण तथा भगवान श्रीराम के आगमन स्थलों के विकास के प्रति जनजागरण करना है। आयोजकों ने 'आइए राम के पथ पर चलें' और 'जहां-जहां चरण पड़े रघुवर के' जैसे संदेशों के माध्यम से लोगों से इस अभियान से जुड़ने की अपील की है।यात्रा के शुभारंभ से पहले बिल्वहरि घाट स्थित चक्रवर्ती महाराज दशरथ समाधि स्थल पर स्वागत समारोह आयोजित किया गया। इस दौरान भगवान राम, लक्ष्मण और हनुमान के स्वरूपों ने चरण पादुकाओं का पूजन किया। महंत संदीप दास जी महाराज और उनके छोटे भाई आदर्श पांडे ने पदयात्रियों का स्वागत कर उन्हें शुभकामनाएं दीं।यह पदयात्रा 'लोक दायित्व' संस्था के तत्वावधान में पवन सिंह की अगुवाई में आयोजित की जा रही है। आयोजकों का कहना है कि यात्रा का उद्देश्य केवल धार्मिक आस्था तक सीमित नहीं है, बल्कि सरयू नदी के संरक्षण, सांस्कृतिक विरासत के संवर्धन और श्रीराम से जुड़े ऐतिहासिक तीर्थ स्थलों के विकास के लिए जनसमर्थन जुटाना भी है।