
PARDARSHI VIKASH NEWS अयोध्या-रायबरेली राष्ट्रीय राजमार्ग पर शुक्रवार रात हुए दर्दनाक सड़क हादसे में एक हेड कांस्टेबल की मौत हो गई। कुमारगंज थाना क्षेत्र में हाईवे पर अचानक सामने आए गोवंश से उनकी मोटरसाइकिल टकरा गई। हादसे में गंभीर रूप से घायल पुलिसकर्मी को अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।मृतक की पहचान अंबेडकर नगर निवासी सुरेंद्र कुमार वर्मा के रूप में हुई है। वह हेड कांस्टेबल के पद पर तैनात थे। शुक्रवार रात वह मोटरसाइकिल से कुमारगंज की ओर से अयोध्या जा रहे थे।बताया जा रहा है कि कुमारगंज थाना क्षेत्र के बरईपारा कट के पास रात करीब 9:30 बजे अचानक एक गोवंश सड़क पर आ गया। बाइक की तेज रफ्तार में सामने आए पशु से टक्कर हो गई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि सुरेंद्र कुमार वर्मा सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए।हादसे के बाद स्थानीय लोगों ने पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची कुमारगंज पुलिस ने घायल हेड कांस्टेबल को सौ शैय्या संयुक्त चिकित्सालय कुमारगंज पहुंचाया, लेकिन डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।कुमारगंज थाना प्रभारी सुरेश कुमार पटेल ने बताया कि शुरुआती जांच में हादसे की वजह मोटरसाइकिल का गोवंश से टकराना सामने आई है। मृतक की तैनाती से जुड़ी जानकारी जुटाई जा रही है।पुलिस ने परिजनों को घटना की सूचना दे दी है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजने की प्रक्रिया की जा रही है।हाईवे पर आवारा गोवंशों की मौजूदगी एक बार फिर सड़क सुरक्षा को लेकर सवाल खड़े कर रही है। स्थानीय लोगों ने प्रशासन से ऐसे हादसों की रोकथाम के लिए प्रभावी कदम उठाने की मांग की है।