news-details

अयोध्या राम मंदिर निर्माण की समीक्षा बैठक, सुरक्षा और विकास कार्यों पर फोकस

You can share this post!

 

PARDARSHI VIKASH NEWS अयोध्या में श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र की भवन निर्माण समिति की महत्वपूर्ण बैठक शनिवार को आयोजित की जाएगी। इस बैठक में राम मंदिर परिसर में चल रहे निर्माण कार्यों की प्रगति और सुरक्षा व्यवस्था की विस्तृत समीक्षा की जाएगी। समिति के चेयरमैन नृपेंद्र मिश्र अयोध्या पहुंचकर विभिन्न परियोजनाओं का निरीक्षण करेंगे और काम की गति का आकलन करेंगे।बैठक में सबसे अहम मुद्दा मंदिर परिसर के चारों ओर बनी करीब 400 मीटर लंबी बाहरी सुरक्षा दीवार पर आधुनिक सुरक्षा उपकरण लगाने का रहेगा। दीवार का निर्माण पूरा हो चुका है, लेकिन उस पर हाईटेक सुरक्षा सिस्टम लगाने का कार्य अभी लंबित है। सूत्रों के अनुसार निर्माण ट्रस्ट द्वारा किया गया है, जबकि सुरक्षा उपकरण लगाने की जिम्मेदारी राज्य सरकार के स्तर पर तय होनी है।राम मंदिर परिसर के दक्षिणी हिस्से में प्रेक्षागृह, विश्रामगृह और तीर्थ क्षेत्र कार्यालय का निर्माण कार्य जारी है, लेकिन वीआईपी और वीवीआईपी दौरों के कारण काम की रफ्तार प्रभावित हो रही है। सुरक्षा कारणों से श्रमिकों को हटाना पड़ता है, जिससे निर्माण कार्य में देरी हो रही है।इसके अलावा हुतात्मा कारसेवकों की स्मृति में बन रहे स्मारक स्तंभ की प्रगति पर भी चर्चा होगी, जिसका स्टील स्ट्रक्चर तैयार हो चुका है और ग्रेनाइट पत्थरों की नक्काशी का कार्य चल रहा है। वहीं जगद्गुरु माध्वाचार्य प्रवेश द्वार का ढांचा तैयार हो चुका है और फिनिशिंग का काम तेजी से जारी है।