
PARDARSHI VIKASH NEWS अयोध्या में राम मंदिर के चढ़ावे में 5 से 7.5 करोड़ रुपये तक की कथित चोरी के दावे ने तूल पकड़ लिया है। मामले में ट्रस्ट ने चढ़ावा गिनने वाले दो कर्मचारियों को शक के आधार पर हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। दोनों पर दान राशि की गिनती और बैंक में जमा करने की प्रक्रिया के दौरान गड़बड़ी के आरोप हैं।सूत्रों के अनुसार, संदिग्ध कर्मचारियों की आर्थिक गतिविधियां भी जांच के दायरे में हैं, क्योंकि हाल ही में एक ने करीब 1.5 करोड़ रुपये की जमीन और दूसरे ने लगभग 40 लाख रुपये का प्लॉट खरीदा था। ट्रस्ट ने आंतरिक जांच समिति गठित कर दी है, जो दान संग्रह से लेकर बैंक में जमा होने तक पूरी प्रक्रिया का ऑडिट कर रही है।इसी बीच राम मंदिर निर्माण समिति के अध्यक्ष नृपेंद्र मिश्र अयोध्या पहुंचे हैं और ट्रस्ट की बैठक में चढ़ावे से जुड़े विवाद पर चर्चा हो रही है। राजनीतिक दलों ने भी मामले पर बयानबाजी तेज कर दी है और CBI जांच की मांग उठ रही है। ट्रस्ट की ओर से फिलहाल जांच जारी रहने और अंतिम निष्कर्ष आने के बाद कार्रवाई की बात कही गई है।