
PARDARSHI VIKASH NEWS एक्टर रणबीर कपूर ने अयोध्या के रियल एस्टेट प्रोजेक्ट ‘द सरयू’ में 3.31 करोड़ रुपए की जमीन खरीदी है। यह प्रोजेक्ट द हाउस ऑफ अभिनंदन लोढ़ा (HoABL) का प्रीमियम प्लॉटेड डेवलपमेंट प्रोजेक्ट है। न्यूज एजेंसी ANI की रिपोर्ट के मुताबिक, कंपनी की आधिकारिक घोषणा में बताया गया कि खरीदी गई जमीन का कुल क्षेत्रफल 2,134 वर्ग फीट है। अमिताभ बच्चन के बाद ‘द सरयू’ में निवेश करने वाले रणबीर कपूर दूसरे बड़े अभिनेता बन गए हैं।‘द सरयू’ प्रोजेक्ट 75 एकड़ में फैला हुआ है और सरयू नदी के किनारे स्थित है। इस प्रोजेक्ट में ग्रैंड क्लब हाउस, 35 से ज्यादा लाइफस्टाइल सुविधाएं और द लीला होटल्स का पांच एकड़ में बनने वाला शुद्ध शाकाहारी लग्जरी होटल शामिल है। रणबीर कपूर ने अपने बयान में कहा कि उन्हें लगता है कि अयोध्या ने उन्हें चुना है। उन्होंने कहा कि अयोध्या भारत के इतिहास और सांस्कृतिक विरासत का अहम हिस्सा है और ‘द सरयू’ में यह जमीन उनके परिवार की विरासत का हिस्सा बनेगी।HoABL के चेयरमैन अभिनंदन लोढ़ा ने कहा कि अयोध्या इस समय सांस्कृतिक और आर्थिक पुनर्जागरण के दौर से गुजर रहा है। उन्होंने बताया कि इंफ्रास्ट्रक्चर, टूरिज्म और वैश्विक स्तर पर बढ़ते ध्यान की वजह से शहर में लंबे समय तक विकास की संभावनाएं हैं। उन्होंने यह भी कहा कि रणबीर कपूर का निवेश दिखाता है कि खरीदार अयोध्या को केवल भावनात्मक रूप से ही नहीं, बल्कि भविष्य के नजरिए से भी एक महत्वपूर्ण निवेश गंतव्य मान रहे हैं। अभिनंदन लोढ़ा ने 2020 में HoABL की स्थापना की थी।यह निवेश ऐसे समय में सामने आया है, जब रणबीर कपूर डायरेक्टर नितेश तिवारी की फिल्म ‘रामायण’ में भगवान श्रीराम की भूमिका निभा रहे हैं। फिल्म में साई पल्लवी सीता, यश रावण, सनी देओल हनुमान और रवि दुबे लक्ष्मण के किरदार में नजर आएंगे। वहीं, 1987 के टीवी शो ‘रामायण’ में भगवान राम का किरदार निभाने वाले अरुण गोविल इस फिल्म में राजा दशरथ की भूमिका निभाएंगे।फिल्म का कुल बजट करीब 4,000 करोड़ रुपए बताया जा रहा है, जिससे यह भारतीय सिनेमा की सबसे महंगी फिल्मों में शामिल हो गई है। फिल्म का संगीत ए.आर. रहमान और हॉलीवुड संगीतकार हैंस जिमर तैयार कर रहे हैं। इसे प्राइम फोकस स्टूडियोज, DNEG और यश की मॉन्स्टर माइंड क्रिएशन्स मिलकर बना रहे हैं। फिल्म IMAX पर रिलीज होगी और इसे दो भागों में सिनेमाघरों में उतारा जाएगा। पहला भाग दिवाली 2026 और दूसरा भाग दिवाली 2027 में रिलीज किया जाएगा।