
PARDARSHI VIKASH NEWS अयोध्या जिला प्रशासन ने वर्षों से लंबित राजस्व वादों के निस्तारण के लिए विशेष अभियान चलाया है, जिसके तहत एक महीने के भीतर कुल 490 मामलों का निपटारा किया गया है। इसमें विशेष रूप से पांच वर्ष से अधिक पुराने मामलों को प्राथमिकता दी गई, जिनका निस्तारण लगभग 24 प्रतिशत तक पहुंचा।प्रशासनिक आंकड़ों के अनुसार जिले में कुल 939 मामले पांच वर्ष से अधिक समय से और 2018 मामले तीन वर्ष से अधिक समय से लंबित थे। ये सभी मामले अपर जिलाधिकारी, मुख्य राजस्व अधिकारी और तहसील स्तर पर विचाराधीन थे। अभियान के दौरान पांच वर्ष से अधिक पुराने 939 मामलों में से 225 मामलों का निस्तारण किया गया, जबकि तीन वर्ष से अधिक पुराने 2018 मामलों में से 265 मामलों का समाधान किया गया।इस अभियान से वादकारियों को काफी राहत मिली है और लंबे समय से अटके विवादों के निपटारे की दिशा में गति आई है। जिलाधिकारी शशांक त्रिपाठी ने अधिकारियों को नियमित सुनवाई करने, मामलों के लंबित रहने के कारणों की गहन समीक्षा करने और समयबद्ध समाधान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने न्यायिक कार्यों में पारदर्शिता बनाए रखने पर भी जोर दिया है और कहा है कि हर महीने इसकी समीक्षा की जाएगी ताकि लंबित मामलों की संख्या को लगातार कम किया जा सके।