news-details

अयोध्या कृषि विश्वविद्यालय के छात्रावास में छात्र का संदिग्ध परिस्थितियों में शव मिला, जांच जारी

You can share this post!

 

PARDARSHI VIKASH NEWS अयोध्या स्थित आचार्य नरेंद्र देव कृषि एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय, कुमारगंज परिसर के कालिंदी छात्रावास में शुक्रवार सुबह एक छात्र का शव संदिग्ध परिस्थितियों में मिला। मृतक की पहचान वेटरनरी प्रथम वर्ष के छात्र आकाश सोनकर (20) के रूप में हुई है, जो मऊ जिले के घोसी कस्बे के रहने वाले थे।घटना का पता उस समय चला जब सुबह अन्य छात्र क्लास के लिए तैयार हो रहे थे। आकाश का कमरा नंबर 59 अंदर से बंद था। सूचना मिलने पर छात्रावास वार्डन और विश्वविद्यालय सुरक्षा प्रभारी मौके पर पहुंचे और उच्च अधिकारियों को जानकारी दी गई।इसके बाद उप जिलाधिकारी मिल्कीपुर सुधीर कुमार, क्षेत्राधिकारी पीयूष पाल और थानाध्यक्ष कुमारगंज सुरेश कुमार पटेल पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने कमरे को सील कर दिया और फॉरेंसिक टीम को जांच के लिए बुलाया गया।प्रारंभिक जांच में मामला आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है, हालांकि पुलिस ने स्पष्ट किया है कि वास्तविक कारणों की पुष्टि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही होगी। शव को कब्जे में लेकर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी गई है।घटना की जानकारी मृतक के परिजनों को दे दी गई है। हादसे के बाद परिसर में शोक और तनाव का माहौल बना हुआ है और छात्र मानसिक रूप से आहत बताए जा रहे हैं। विश्वविद्यालय प्रशासन ने कहा है कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है और सभी पहलुओं को ध्यान में रखा जा रहा है।पुलिस अधिकारियों ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही स्थिति स्पष्ट होगी। फिलहाल छात्रावास में शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है और छात्रों से संयम बनाए रखने की अपील की गई है।