
PARDARSHI VIKASH NEWS अयोध्या जिले में शिक्षा व्यवस्था को आधुनिक और गुणवत्तापूर्ण बनाने के लिए मुख्यमंत्री की महत्वाकांक्षी योजना के तहत पांचों तहसीलों में सीएम कंपोजिट विद्यालय स्थापित किए जाएंगे। सदर, बीकापुर, रुदौली, मिल्कीपुर और सोहावल तहसील में बनने वाले इन विद्यालयों पर कुल लगभग 125 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे। प्रत्येक विद्यालय करीब 25 एकड़ भूमि पर विकसित होगा, जिसकी अनुमानित लागत 23 से 25 करोड़ रुपये होगी।इन विद्यालयों का उद्देश्य ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों के बीच शिक्षा की गुणवत्ता के अंतर को कम करना है। इससे ग्रामीण क्षेत्रों के विद्यार्थियों को बेहतर शिक्षा के लिए शहरों या निजी विद्यालयों पर निर्भर नहीं रहना पड़ेगा। उन्हें अपनी ही तहसील में आधुनिक सुविधाओं से युक्त गुणवत्तापूर्ण शिक्षा उपलब्ध होगी।सीएम कंपोजिट विद्यालयों में स्मार्ट क्लासरूम, अत्याधुनिक कंप्यूटर लैब, विज्ञान प्रयोगशालाएं, डिजिटल लाइब्रेरी, विशाल खेल मैदान, स्वच्छ पेयजल, छात्र-छात्राओं के लिए अलग-अलग शौचालय तथा आधुनिक सुरक्षा व्यवस्था जैसी सुविधाएं विकसित की जाएंगी। इसके साथ ही खेल, कला, संस्कृति और कौशल विकास पर भी विशेष ध्यान दिया जाएगा, जिससे विद्यार्थियों का सर्वांगीण विकास सुनिश्चित हो सके।बेसिक शिक्षा अधिकारी लालचंद ने बताया कि रुदौली तहसील के मवई ब्लॉक स्थित पटरंगा गांव और सदर तहसील के पूरा बाजार ब्लॉक के भदौली बुजुर्ग में दो सीएम कंपोजिट विद्यालयों का निर्माण कार्य शुरू हो चुका है। वहीं मिल्कीपुर, सोहावल और बीकापुर तहसीलों में विद्यालय निर्माण के लिए भूमि उपलब्ध कराने हेतु राजस्व विभाग को प्रस्ताव भेजा गया है। भूमि मिलते ही निर्माण कार्य शुरू कर दिया जाएगा।उन्होंने बताया कि इन विद्यालयों में आधुनिक पाठ्यक्रम, अनुभवी शिक्षक और उत्कृष्ट शैक्षणिक सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी। इससे ग्रामीण क्षेत्र के विद्यार्थियों को भी निजी विद्यालयों के समान गुणवत्तापूर्ण शिक्षा मिल सकेगी और जिले की शिक्षा व्यवस्था को नई दिशा मिलेगी।