
पारदर्शी विकास न्यूज़ सुलतानपुर । परिवाहन विभाग ने अवैध रूप से संचालित हो रही बसों के खिलाफ एक बड़ा अभियान चलाया। ऑल इंडिया टूरिस्ट परमिट (AITP) का दुरुपयोग कर ऑनलाइन ऐप्स के माध्यम से सीट बुकिंग कर नियमों का उल्लंघन करने वाली 4 बसों को सीज किया गया, जबकि 9 बसों का चालान किया गया।विभाग को लगातार शिकायतें मिल रही थीं कि कुछ बस संचालक 'रेड बस', 'मेक माई ट्रिप', 'अभि बस', 'पेटीएम' और 'इज़ माई ट्रिप' जैसे ऑनलाइन प्लेटफॉर्म्स के जरिए सीटवार बुकिंग कर रहे हैं। ये टूरिस्ट बसें नियमों के खिलाफ जाकर 'स्टेज कैरिज' यानी सामान्य रूट बसों की तरह चलाई जा रही थीं।इस धांधली को रोकने के लिए सुलतानपुर की प्रवर्तन टीम ने जिले के प्रमुख स्थानों पर सघन चेकिंग अभियान चलाया। यह अभियान लोहरामऊ बाईपास, पयागीपुर चौराहा, अमहट चौराहा, गुप्तारगंज और सेमरी जैसे क्षेत्रों में केंद्रित था।इस कार्रवाई के दौरान टीम ने परमिट शर्तों का उल्लंघन करने पर 04 बसों को तत्काल प्रभाव से निरुद्ध (सीज) कर दिया। इसके अतिरिक्त, 09 बसों के खिलाफ चालान की सख्त कार्रवाई की गई। मोटर वाहन अधिनियम और केंद्रीय मोटरयान नियमावली के तहत 15 अन्य वाहनों के भी चालान काटे गए।इस एक दिवसीय अभियान के दौरान परिवहन टीम ने सड़क सुरक्षा को लेकर जागरूकता भी फैलाई। बस चालकों को सुरक्षित गाड़ी चलाने की काउंसलिंग दी गई। साथ ही, रॉन्ग साइड ड्राइविंग करने वालों और बिना हेलमेट बाइक चलाने वालों को रोककर सख्त हिदायत और काउंसलिंग दी गई। इस अभियान में सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी (प्रवर्तन) भूपेश कुमार गुप्ता, यात्री/मालकर अधिकारी शैलेंद्र कुमार तिवारी, यातायात निरीक्षक (पुलिस विभाग) राम निरंजन और सहायक क्षेत्रीय प्रबंधक (ARM) सुरेश चंद्र यादव सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।