news-details

अधिवक्ताओं का हंगामा, समाधान दिवस ठप

You can share this post!

Pardarshi Vikas News Prayagraj

फूलपुर तहसील में आयोजित समाधान दिवस उस समय हंगामे में बदल गया जब अधिवक्ताओं ने अपनी मांगों को लेकर जोरदार प्रदर्शन शुरू कर दिया। आक्रोशित अधिवक्ताओं ने नारेबाजी करते हुए समाधान दिवस को ठप करा दिया और प्रयागराज-गोरखपुर राष्ट्रीय राजमार्ग पर जाम लगाकर पुलिस प्रशासन के खिलाफ विरोध प्रदर्शन किया।

स्थिति बिगड़ने पर एसीपी फूलपुर विवेक यादव, एसीपी थरवई अरुण पाराशर सहित भारी पुलिस बल मौके पर पहुंचा और अधिवक्ताओं को समझाने का प्रयास किया। बाद में समाधान कक्ष में प्रशासन और अधिवक्ताओं के बीच वार्ता भी हुई, जिसमें कई अधिकारी और अधिवक्ता शामिल रहे।

अधिवक्ताओं ने थानों पर कथित अभद्र व्यवहार, एफआईआर दर्ज न होने और हमले के मामलों में कार्रवाई न होने को लेकर नाराजगी जताई। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि जल्द सुधार नहीं हुआ तो बड़ा आंदोलन किया जाएगा।

प्रशासन ने आश्वासन दिया कि सभी मामलों की जांच कर दोषियों पर कार्रवाई की जाएगी। एसडीएम जूही प्रसाद ने कहा कि जिन मामलों में एफआईआर दर्ज हो चुकी है, उनकी जांच चल रही है और अन्य शिकायतों पर भी गंभीरता से विचार किया जा रहा है।