
पारदर्शी विकास न्यूज़ कानपुर। समाजवादी पार्टी की राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव की बेटी अदिति यादव को लेकर सोशल मीडिया पर की गई आपत्तिजनक पोस्ट के विरोध में शुक्रवार को कानपुर में सपा कार्यकर्ताओं ने प्रदर्शन किया। पार्टी नेताओं ने दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग करते हुए राज्यपाल के नाम संबोधित ज्ञापन पुलिस अधिकारियों को सौंपा। इस दौरान सपा महानगर अध्यक्ष फजल महमूद को पुलिस आयुक्त को ज्ञापन देने जाने से पहले ही पुलिस द्वारा हाउस अरेस्ट किए जाने का आरोप लगाया गया। सपा नेताओं ने इसे लोकतांत्रिक अधिकारों का हनन बताते हुए सरकार और पुलिस प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी की।फजल महमूद ने कहा कि वह राष्ट्रीय प्रवक्ता नितेंद्र यादव और अन्य कार्यकर्ताओं के साथ पुलिस आयुक्त को ज्ञापन देने जा रहे थे, लेकिन कोतवाली पुलिस ने उन्हें रास्ते में रोक दिया और घर में नजरबंद कर दिया। इसके विरोध में कार्यकर्ताओं ने प्रदर्शन कर कोतवाली इंस्पेक्टर को ज्ञापन सौंपा।उन्होंने आरोप लगाया कि प्रदेश में कानून-व्यवस्था की स्थिति चिंताजनक है और महिलाओं की सुरक्षा को लेकर सरकार गंभीर नहीं है।सपा के राष्ट्रीय प्रवक्ता नितेंद्र यादव ने कहा कि यदि एक पूर्व मुख्यमंत्री की बेटी को सोशल मीडिया पर अभद्र टिप्पणियों का सामना करना पड़ रहा है, तो आम महिलाओं और बेटियों की सुरक्षा की स्थिति का अंदाजा लगाया जा सकता है। उन्होंने कहा कि राजनीतिक विरोध अपनी जगह है, लेकिन परिवार की महिलाओं को निशाना बनाना सामाजिक और राजनीतिक मर्यादाओं के खिलाफ है।वहीं कानपुर ग्रामीण में जिलाध्यक्ष अर्चना रावल के नेतृत्व में महिला कार्यकर्ताओं ने विरोध प्रदर्शन किया और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि जल्द कार्रवाई नहीं हुई तो व्यापक आंदोलन किया जाएगा। अर्चना रावल ने एसीपी कल्याणपुर आशुतोष कुमार को राज्यपाल के नाम ज्ञापन सौंपा।