
PARDARSHI VIKASH NEWS माफिया अतीक अहमद के कुख्यात शूटर आबिद प्रधान का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है, जिसमें वह वीडियो कॉल पर किसी से बात करते हुए रील बनाता नजर आ रहा है। इस रील के बैकग्राउंड में फिल्मी डायलॉग भी सुनाई दे रहा है, जिसके चलते यह वीडियो चर्चा का विषय बना हुआ है।आबिद प्रधान पूर्व विधायक राजू पाल हत्याकांड में सजायाफ्ता है और करीब 16 दिन पहले ही जमानत पर जेल से बाहर आया है। वायरल वीडियो में वह किसी से वीडियो कॉल पर बातचीत करते हुए रील रिकॉर्ड करता दिखाई दे रहा है, जिसे बाद में सोशल मीडिया पर पोस्ट किया गया।आबिद प्रधान मरियाडीह गांव का रहने वाला है और वर्तमान में उसकी पत्नी ग्राम प्रधान है। उस पर दो दर्जन से अधिक मुकदमे दर्ज हैं और वह अतीक अहमद के IS-227 गैंग का सक्रिय सदस्य माना जाता है। वह अतीक अहमद से जुड़े कई मामलों में सह-अभियुक्त भी रहा है।30 मार्च 2024 को राजू पाल हत्याकांड में जिन छह लोगों को सजा सुनाई गई थी, उनमें आबिद प्रधान का नाम भी शामिल था। वह उस समय जेल में था और 29 मई को जमानत पर रिहा हुआ है। उसकी अपील फिलहाल इलाहाबाद हाईकोर्ट में लंबित है।बताया जा रहा है कि यह वीडियो कब बनाया गया, इसकी पुष्टि नहीं हो सकी है। हालांकि इसे खालिद जमीदार नाम के व्यक्ति ने तीन दिन पहले अपने फेसबुक अकाउंट पर पोस्ट किया था।आबिद प्रधान पर प्रयागराज के बहुचर्चित अल्कमा-सुरजीत हत्याकांड में भी आरोप है, जिसमें उसने कथित तौर पर अतीक अहमद के इशारे पर घटना को अंजाम दिलवाने में भूमिका निभाई थी। बाद में दोबारा जांच में यह बात सामने आई कि इस हत्याकांड में अतीक गैंग की संलिप्तता थी।