news-details

ASP अनुज चौधरी मामले में आज हाईकोर्ट में सुनवाई, FIR आदेश पर पहले लग चुकी है रोक

You can share this post!

Pardarshi Vikas News Prayagraj

संभल हिंसा प्रकरण में एएसपी अनुज चौधरी समेत 12 पुलिसकर्मियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज करने के आदेश मामले में मंगलवार को इलाहाबाद हाईकोर्ट में सुनवाई होगी। जस्टिस समित गोपाल की एकल पीठ इस मामले में यूपी सरकार और अनुज चौधरी की ओर से दायर याचिकाओं पर आदेश दे सकती है।

इससे पहले 10 फरवरी को हाईकोर्ट ने संभल के मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट (सीजेएम) द्वारा जारी एफआईआर दर्ज करने के आदेश पर अंतरिम रोक लगा दी थी। कोर्ट ने दोनों पक्षों की दलीलें सुनने के बाद यह राहत दी थी।

मामला संभल निवासी यामीन की याचिका से जुड़ा है। याचिकाकर्ता ने आरोप लगाया था कि 24 नवंबर 2024 को उसका बेटा आलम शाही जामा मस्जिद क्षेत्र में रस्क बेचने गया था, जहां पुलिस फायरिंग में उसकी मौत हो गई। इस मामले में तत्कालीन सीओ संभल अनुज चौधरी, इंस्पेक्टर अनुज तोमर समेत 12 पुलिसकर्मियों को आरोपी बनाया गया था।

सीजेएम कोर्ट ने 9 जनवरी 2026 को एफआईआर दर्ज करने के निर्देश दिए थे, जिसके खिलाफ अनुज चौधरी ने हाईकोर्ट का रुख किया था।

गौरतलब है कि 24 नवंबर 2024 को जामा मस्जिद सर्वे के दौरान हिंसा भड़क गई थी, जिसमें चार लोगों की मौत हुई थी और कई पुलिसकर्मी घायल हुए थे। इस मामले में पुलिस ने कई आरोपियों पर मुकदमे दर्ज कर कार्रवाई की थी।